प्रेमी ने छोड़ा प्रेमिका के पास पैसे नहीं होने पर

छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक नाबालिग युवती राजस्थान के एक युवक के प्यार में पागल होकर घर छोड़कर धौलपुर पहुंची लेकिन यहां पहुंचने पर उसे ठगे जाने का मामला सामने आया है. युवती के धौलपुर पहुंचने के बाद युवती के कथित प्रेमी ने फोन ऑफ कर लिया और युवती को लेने नहीं पहुंचा. मामले के मुताबिक धौलपुर रेलवे स्टेशन पर उतरी नाबालिग लड़की जिस प्रेमी के भरोसे अपना घर छोड़कर भाग निकली थी उस प्रेमी ने पैसे और जेवर साथ में नहीं लाने के चलते प्रेमिका का फोन नहीं उठाया और उसे रेलवे स्टेशन पर ही छोड़ दिया. नाबालिग युवती ग्यारहवीं क्लास में पढ़ती है और वह धौलपुर को आगरा समझ कर उतर गई और रेलवे स्टेशन पर अपने प्रेमी का इंतजार करने लगी लेकिन प्रेमी ने फोन बंद कर लिया.
वहीं काफी देर इंतजार करने के बाद युवती स्टेशन पर ही रोने लगी जिसे देखकर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने उसे समझाया औऱ नाबालिग युवती के परिजनों से संपर्क किया. बाल कल्याण समिति ने लड़की की काउंसलिंग कर उससे प्रेमी और परिजनों के बारे में जानकारी ली. समिति के लोगों ने नाबालिग के परिजनों से फोन पर संपर्क किया. वहीं समिति के सदस्य गिरीश गुर्जर ने बालिका को सखी वन स्टाप सेंटर पहुंचाया जहां छत्तीसगढ़ से उसके परिजनों को भी बुलाया गया.



