कांग्रेस शासनकाल में अपराधियों का दुस्साहस बढ़ा, अपराध अब उद्योग की शक़्ल अख़्तियार करते जा रहे हैं : भाजपा

भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने प्रदेश में लगातार बढ़ रहीं हृदयविदारक और आपराधिक वारदातों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया
प्रदेश सरकार संवेदनहीन, भाजपा आईना दिखाती है तो कांग्रेस नेता बिफरकर मर्यादाहीन व निम्नस्तर की बयानबाजी कर झूठ और नफ़रत की सियासत पर उतर जाते हैं
गृह मंत्री साहू से सवाल : जब राजधानी में ही प्रदेश सरकार की स्मार्ट पुलिसिंग फेल हो चली है तो राज्य के बाकी इलाकों का क्या हाल होगा?
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने राजधानी समेत इससे लगे इलाकों में लगातार बढ़ रहीं हृदयविदारक और आपराधिक वारदातों को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। श्रीवास्तव ने कहा कि इसी सप्ताह अभनपुर में एक ही परिवार के पाँच लोगों की मौत की हृदयविदारक घटना ने समूचे प्रदेश को हिला दिया था और अब 24 घंटे के भीतर राजधानी में दो लोगों की निर्मम हत्या ने क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया है। श्रीवास्तव ने प्रदेश के कृषि मंत्री रवींद्र चौबे के विधानसभा क्षेत्र में एक किसान की आत्महत्या को लेकर भी प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीवास्तव ने प्रदेश में हत्या, आत्महत्या, ठगी, चाकूबाजी, बलात्कार, अपहरण जैसे बढ़ते अपराधों को लेकर कहा कि प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है, अपराधियों का दुस्साहस बढ़ा है और अब तो यह साफ़ ज़ाहिर हो रहा है कि प्रदेश में ये अपराध अब उद्योग की शक़्ल अख़्तियार करते जा रहे हैं और प्रदेश सरकार की उदासीनता के चलते राजनीतिक संरक्षण पाकर तमाम आपराधिक तत्व प्रदेश में दहशतगर्दी का माहौल क़ायम करने में लगे हैं। श्रीवास्तव ने प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू से सवाल किया कि जब राजधानी में ही उनकी स्मार्ट पुलिसिंग फेल हो चली है तो प्रदेश के बाकी इलाकों का क्या हाल होगा? राजधानी के टिकरापारा स्थित सुदामानगर में निगरानीशुदा बदमाश भोला तांडी, इसके ठीक बाद माना कॉलोनी में रहने वाले युवक देवव्रत विश्वास की हत्या के साथ ही बिरगाँव के मेटल पार्क में शराब दुकान में कार्यरत युवक विशेश्वर मरकाम के मिले जले हुए शव के मामलों का ज़िक्र कर श्रीवास्तव ने कहा कि बढ़ते अपराधों ने आम नागरिकों की सुरक्षा के सरकारी दावों को खोखला साबित कर दिया है।



