छत्तीसगढ़ विशेष

मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, नशे में धुत बुजुर्ग ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से किए 5 फायर, युवक घायल

जींद। नरवाना क्षेत्र के कान्हाखेड़ा-हरनामपुरा रोड पर शुक्रवार रात एक मामूली विवाद ने उस समय सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब शराब के नशे में धुत एक बुजुर्ग ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ पांच गोलियां चला दीं। गोलीबारी की इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार बिजली विभाग की टीम हरनामपुरा के खेतों से गुजर रही बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य कर रही थी। इसी दौरान धमतान साहिब निवासी 60 वर्षीय बसावा राम कथित तौर पर नशे की हालत में मौके पर पहुंचा और बिजली कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कर्मचारियों के साथ विवाद बढ़ता देख हरनामपुरा निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि सुरेंद्र द्वारा समझाने पर बसावा राम और अधिक भड़क गया तथा दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और सुरेंद्र पर एक के बाद एक पांच राउंड फायर कर दिए। फायरिंग के दौरान एक गोली सुरेंद्र की दाहिनी जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल सुरेंद्र को नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button