अपना जिलाछत्तीसगढ़ विशेषराजनांदगांव जिला

वर्दी पर दाग! डायल 112 में पैसे लेते दिखा आरक्षक, वायरल वीडियो ने खोली पोल, पुलिस की साख पर फिर उठे सवाल

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले में एक और वायरल वीडियो ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के घुमका थाना के ग्राम पंचायत चारभाटा से सामने आया है, जहां डायल 112 की गाड़ी में बैठे एक पुलिसकर्मी किसी व्यक्ति से रिश्वत ले रहा है। वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि पुलिस वाहन में मौजूद जवान किसी व्यक्ति से नगदी ले रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, मामला एक किसान के खेत में लगे बबूल के पेड़ों की कटाई से जुड़ा है, जहां कथित तौर पर लकड़ी ठेकेदार से कार्रवाई न करने के एवज में पैसे मांगे गए। बताया जा रहा है कि घुमका थाने में पदस्थ आरक्षक दिनेश पटेल पर यह आरोप लग रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन डायल 112 जैसी आपात सेवा से जुड़े वाहन में इस तरह का दृश्य सामने आना अपने आप में कई गंभीर सवाल खड़े करता है। सवाल यह है कि आखिर पुलिस की मौजूदगी में यह लेन-देन किस आधार पर हो रहा था और क्या यह वसूली का मामला है? सबसे अहम बात यह है कि जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा अपनी सख्त छवि और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में बार-बार सामने आ रहे इस तरह के वीडियो न सिर्फ पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं, बल्कि उनकी साख को भी चुनौती दे रहे हैं।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह बहस तेज कर दी है कि क्या कानून के रखवाले ही कानून को चुनौती दे रहे हैं?

Related Articles

Back to top button