मुख्यमंत्री का प्रोजेक्ट:कलमा बैराज प्रभावितों को 5 साल बाद मुआवजा, सीएम ने दिए 22.78 करोड़

- सिंचाई के लिए बैराज के दोनों तटों पर मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कलमा बैराज से प्रभावित जांजगीर-चांपा के चन्द्रपुर इलाके के 314 किसानों को भू-अर्जन मुआवजे के रूप में 22.78 करोड़ रूपए के चेक दिए। इस मौके पर बघेल ने कहा कि कलमा बैराज का निर्माण जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कलमा रायगढ़ जिले के ग्राम बरगांव के मध्य महानदी पर 377.42 करोड़ रूपए की लागत से कराया गया है। इसका निर्माण फरवरी 2011 में शुरू किया गया था और मार्च 2016 में यह बैराज बनकर तैयार हुआ।
बैराज के निर्माण से जांजगीर-चांपा जिले के 13 गांव के 682 किसानों की 97.89 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हुई थी। उन्होंने 314 किसानों के काफी अर्से से लम्बित मुआवजा प्रकरण के निराकरण के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, जलसंसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, विधायक रामकुमार यादव सहित जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। बघेल ने कहा कि किसानों की बेहतरी और उनके मुद्दों को प्राथमिकता से निराकृत करना, छत्तीसगढ़ सरकार की प्राथमिकता है और इस काम में छत्तीसगढ़ सरकार की पूरी टीम लगी हुई है।
15 हजार से अधिक रकबे में होगी सिंचाई की सुविधा
जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि इस बैराज से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिले, इसको लेकर मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग द्वारा बैराज के दोनों तटों पर मेगा लिफ्ट एरीगेशन प्रोजेक्ट प्रस्तावित किया गया है। इससे 15 हजार हेक्टेयर से अधिक रकबे में किसानों को जलापूर्ति होगी।
मुआवजा वितरण के इस वर्चुअल कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के एसीएस सुब्रत साहू विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल, संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चन्द्राकर, विधायक रामकुमार यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।



