जांजगीर-चाम्पा जिला

कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी:ठेकेदारों ने 3% बिलो पर भरा टेंडर, गोठान का रेट नहीं हुआ पास

नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक सोमवार को हुई। इस बैठक में बहुत सारे एजेंडा रखे गए थे। लेकिन नगर में बनने वाले गोठान के लिए आई दर को परिषद ने पास नहीं किया। पूर्व में गौठान के लिए 38 प्रतिशत बिलो दर आई थी। इसके बाद ठेकेदार ने काम करने से हाथ खड़ा कर दिया तो दोबारा टेंडर किया गया। जिसमें मात्र 3 प्रतिशत बिलो आने पर इसे मानने से इनकार कर दिया गया है।

परिषद ने 3 प्रतिशत बिलो होने पर यह माना है कि ठेकेदारों ने आपसी समन्वय के कारण ऐसा किया है, इसलिए इसे अमान्य कर दिया गया है। नगर के आजाद चौक से लेकर गुरू घासीदास चौक मार्ग का नामकरण जगत सिंह बैस के नाम से करने का निर्णय लिया गया। नपा परिषद की बैठक 23 जुलाई को आयोजित की गई थी। बैठक में भाजपा पार्षदों के उपस्थित नहीं होने एवं हंगामा बढ़ने पर बैठक को निरस्त कर दिया था। 9 दिनों बाद सोमवार को सामान्य सभा की बैठक पुनः आयोजित की गई। सरस्वती शिशु मंदिर से नगर पालिका कार्यालय भवन तक स्ट्रीट लाईट कार्य के लिए निविदा में नई-नई शर्त जोड़े जाने पर पार्षदों द्वारा आपत्ति दर्ज कराते हुए निविदा तैयार करने के पूर्व परिषद में एनआईटी की शर्तों को स्वीकृत कराने की मांग की गई और उसे भी निरस्त कर दिया गया।

जल आवर्धन योजनांतर्गत ठेकेदार द्वारा वाटर फिल्टर प्लान्ट, पानी टंकी एवं अन्य निर्माण कार्य शुरु नहीं करने पर पार्षदों द्वारा ठेकेदार को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य को शीघ्र ही प्रारंभ करवाने की बात कही गई। 14वें वित्त आयोग के अन्तर्गत स्काई लिफ्ट की खरीदी, प्लेसमेंट आपूर्ति के लिए निविदा आमंत्रित करने के साथ-साथ व्यय के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में सीएमओ अशोक शर्मा, नपा अध्यक्ष शांति भारते, उपाध्यक्ष दिवाकर राणा, पार्षद राजन केडिया, सुनीता प्रसाद, सुनीता सिंह, शारदा मौर्य, मुरलीधर मिश्रा, मो. इमरान खान, सुजाता साहू, ढेलाराम कैवर्त्य, नरेन्द्र देवांगन, चन्द्रशेखर मिरचन्य, रोहित सारथी, विजय खाण्डेल, विवेक सिंह बैस, राजेश जायसवाल, धनीराम यादव, सरस्वती यादव एवं समस्त एल्डरमैन उपस्थित थे।

कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी
वार्ड 18 के पार्षद राजेश जायसवाल द्वारा प्लेसमेंट में कर्मचारियों के नाम पर अनियमितता करने एवं सहायक ग्रेड-3 अखिलेष के विरुद्ध आज तक जांच नहीं होने पर रोष प्रकट किया गया। सीएमओ ने बताया कि जांच लंबित है। अभी तक कोई भी निर्णय नहीं लिया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button