आरक्षक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप:आरक्षक के शादी से मुकरने पर युवती ने खाया जहर, परिजनों ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई FIR, मामले में जांच जारी

आरक्षक द्वारा शादी से इंकार करने पर बिलासपुर के सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली युवती ने जहर खा लिया, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद युवती के परिजनों ने आरक्षक के खिलाफ सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन में पदस्थ आरक्षक की निजी संस्थान में काम करने वाली युवती से हुई थी दोस्ती
बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक पर निजी संस्थान में काम करने वाली युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। इससे दुखी युवती ने रविवार की सुबह जहर सेवन कर लिया। युवती को परिवार वालों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार तखतपुर क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय युवती सिविल लाइन क्षेत्र में रहकर कोचिंग करती है। इसके साथ ही युवती निजी संस्थान में काम भी करती है। एक साल पहले उसकी मुलाकात सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक से हुई। दोनों की आपस में अच्छी दोस्ती हुई जोकि बाद में प्यार में बदल गया। इसके बाद आरक्षक ने युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। परिजनों ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि युवती जब भी शादी के लिए कहती तब आरक्षक हमेशा कोई न कोई बहाने बनाकर इस बात को टाल देता। लगातार टालमटोल से परेशान होकर में युवती ने रविवार की सुबह अपने घर में जहर खा लिया।
तबीयत बिगड़ने पर युवती ने परिवार वालों को बताई पूरी बात
जहर खाने के बाद जब युवती की तबियत बिगड़ने लगी तब उसने पूरी बात की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद आनन फानन में उसे सिम्स में भर्ती कराया गया है। सिम्स में युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। वही घटना की सूचना पर सिविल लाइन थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने पीड़िता की तरफ से दिए गए बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं आरक्षक ने सफाई में कहा, युवती से कहा था बहन की शादी के बाद करूंगा शादी
वहीं आरक्षक ने मामले में सफाई देते हुए कहा है कि उसने कभी शादी से इंकार नहीं किया। लड़की और उसकी जाति अलग है। ऐसे में अगर वह लड़की से शादी कर लेता है तो उसकी एक बहन जिसकी जल्द शादी होने वाली है उसमे दिक्कत आएगी। इसलिए लड़की से उसने बहन की शादी के बाद शादी करने की बात कही थी, लेकिन उससे पहले ही ये सब हो गया। अब आरक्षक कानूनी सलाह के लिए वकील से लगातार संपर्क में है।
नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले आरक्षक के मामले में हाईकोर्ट ने मंगवाई केस डायरी
बिलासपुर हाईकोर्ट ने नाबालिक दुष्कर्म पीड़िता की याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य शासन से पीड़िता से संबंधित केस डायरी प्रस्तुत करने का आदेश जारी किया है। जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले कोरिया जिला के ग्राम पोड़ी अंतर्गत पुलिस थाने में पदस्थ आरक्षक पर नाबालिक के साथ शादी का खासा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ थाने में पॉस्को एक्ट के तहत FIR भी दर्ज करवाई थी। लेकिन निचली अदालत ने मामले पर सुनवाई करते हुए आरक्षक को सभी आरोपों से बरी कर दिया। जिसके बाद अब पीड़िता ने हाईकोर्ट में आरक्षक के खिलाफ याचिका दायर की है। पीड़िता की याचिका पर अब अगले महीने सुनवाई होगी।



