मुंगेली जिला

मुंगेली में 16 दिन में 6 चोरियां:एक ही वार्ड को चोरों ने तीन बार बनाया निशाना, पुलिस स्टेशन के पास से भी सोना-चांदी ले उड़े चोर; अब तक एक भी चोर गिरफ्तार नहीं

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में चोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आलम यह है कि यहां पिछले 16 दिनों के अंदर ही चोरों ने 6 चोरियां की हैं। चोरों ने यहां घर, दुकान से लेकर पुलिस स्टेशन के पास तक के इलाकों में चोरियां की है। खास बात यह है कि चोरों ने एक ही वार्ड को 3 बार निशाना बनाया है। इस प्रकार चोरों ने 16 दिनों के अंदर नकद समेत 26 लाख 69 हजार रुपए की चोरी की है। इसके बावजूद पुलिस अब तक एक भी चोर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

नया मामला सिटी कोतवाली से महज कुछ फीट की दूरी पर स्थित बालाजी फोटोकॉपी दुकान संचालक राजेश पुरी गोस्वामी से जुड़ा है। जिनके सूने मकान से चोरों ने लाखों रुपए का सामान पार कर दिया है। वारदात के वक्त राजेश परिवार सहित कुछ काम से बाहर गए हुए थे। इसी बीच शनिवार को पड़ोसियों ने देखा की उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जिसके बाद इस बात की जानकारी पुलिस को दी गई है।

शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी हुई।
शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी हुई।

8 लाख का सामान किया पार

पुलिस ने बताया कि पीड़ित के घर में रखे 12 तोला सोना, 2किलो चांदी और 55 हजार नकदी रकम पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। पुलिस के मुताबिक चोरों ने करीब 8 लाख की चोरी की है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और चोरों का पता लगा रही है।

16 दिन के अंदर इन इलाकों में हुई चोरी

  • 9 और 10 जुलाई की दरमियानी रात को परमहंस वार्ड के पुष्पेंद्र मिरी के घर से 20 तोला चांदी और 40 हजार नकद चोरी हुए।
  • 9 और 10 जुलाई की दरमियानी रात को ही परमहंस वार्ड के इनेश महिलांगे के घर से एक हजार नकद, सोना-चांदी समेत 80 हजार की चोरी हुई।
  • 9 और 10 जुलाई की दरमियानी रात को ही परमहंस वार्ड में ही चंदू राम अंचल के घर से 1500 नकद और सोना-चांदी ले उड़े चोर।
  • 13 जुलाई को सुबह 7 बजे दिनदहाड़े मंडी परिसर के आनंद लालवानी के दुकान से 68, 402 रु के सिगरेट के 17 बॉक्स को चोर उठाकर ले गए ।
  • 14-15 जुलाई की दरमियानी रात को दीनदयाल उपाध्याय वार्ड मुंगेली के ठेकेदार राजू वेंताल के मकान से 41 तोला सोना के जेवर , 4 किलो चांदी तथा 2 लाख रु नकद ले गए चोर।
  • अब 23 और 24 चुलाई की दरमियानी रात को सिटी कोतवाली से 50 फिट दूरी पर राजेश पूरी गोस्वामी के घर से 12 तोला सोना के जेवर , 2 किलो चांदी और 55 हजार नकद ले उड़े हैं चोर।

एक भी चोर गिरफ्तार नहीं

इस तरह से चोरों ने पिछले 16 दिन के भीतर चोरी के 6 मामले सामने आए हैं। लेकिन अब तक पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिसकी वजह से अब यहां लोगों में दहशत है कि कहीं उनके घरों को भी चोर निशाना ना बना लें। हालांकि पुलिस सभी मामलों में जल्द गिरफ्तारी की बात कर रही है।

Related Articles

Back to top button