बूढ़ा तालाब की सड़क बंद कर बना दिया गार्डन!:हाईकोर्ट ने नियुक्त किया कमिश्नर, रायपुर में दौरा कर लोगों से पूछेंगे- क्या तकलीफ हो रही; यहीं से स्कूल-कॉलेज और खेल के मैदान का रास्ता

रायपुर के बूढ़ा तालाब से लगी सड़क को बंद करने के मामले पर सुनवाई करते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वकील वैभव शुक्ला को कमिश्नर नियुक्त कर सड़क का निरीक्षण करने का निर्देश जारी किया हैं। कमिश्नर बंद की गई सड़क से आसपास के लोगों को क्या तकलीफ हो रही है इसको लेकर सवाल पूछेंगे और उनका बयान दर्ज करेंगे। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ रायपुर के मेयर और स्मार्ट सिटी के डायरेक्टर मौजूद रहेंगे। मामले की अगली सुनवाई 7 अक्टूबर को होगी।
दरअसल, रायपुर निवासी चंद्र शेखर गायकवाड़ ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अपने वकील अभ्युदय सिंह के माध्यम से जनहित याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने कहा है कि रायपुर स्मार्ट सिटी ने पिछले साल बूढ़ा तालाब से लगी सड़क को बिना टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और निगम की अनुमति के बंद कर दिया। उस सड़क पर गार्डन बना दिया गया है।
सड़क बंद होने से रहता है ट्रैफिक जाम
याचिकाकर्ता ने कहा कि इस सड़क को बंद करने से बूढ़ा तालाब से लगी दूसरी सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। जिसकी वजह से आए दिन इलाके में जाम की स्थिति बनी रहती है। यह इकलौती सड़क थी जो उस जगह पर मौजूद दुर्गा मंदिर को चांदनी चौक से जोड़ती थी। याचिकाकर्ता ने बंद की गई इस सड़क को दोबारा खोलने की गुजारिश हाईकोर्ट से की है। वकील वैभव शुक्ला इस निरीक्षण के बाद कोर्ट के सामने अपनी रिपोर्ट अगली सुनवाई के दौरान प्रस्तुत करेंगे।
500 मीटर लंबी है सड़क, क्या-क्या प्रभावित
- बंद किए गए रास्ते को बूढ़ा तालाब से दानी गर्ल्स स्कूल और डिग्री गर्ल्स कॉलेज जाने के लिए छात्र छात्राएं इस्तेमाल करते थे। अब उन्हें दूसरे ट्रैफिक से भरे रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ रहा है जो कि सुरक्षित नहीं है।
- माधवराव सप्रे स्कूल के मैदान में बच्चे खेलने के लिए आते थे। मैदान में जाने के लिए दो गेट हैं, जिसमें से एक जिस रास्ते को बंद किया गया वहीं मौजूद था। अब इस गेट के जरिए बच्चे मैदान में नहीं आ पाते।
- रावण भाठा में शिफ्ट किए गए बस स्टैंड जाने के लिए भी यह वैकल्पिक रास्ता था। जिसे अब बंद कर दिया गया।
याचिकाकर्ता चंद्र शेखर गायकवाड़ ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि सरकार की तरफ से हाईकोर्ट के सामने झूठ बोला गया कि रोड को बंद नहीं गया। इस वजह से ही अदालत ने अब कमिश्नर नियुक्त किया है। उनके निरीक्षण के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा।



