मेडिकल कॉलेजों में 5699 पदों पर भर्ती अभी नहीं, आरक्षण रोस्टर में उलझी, युवा परेशान

छत्तीसगढ़ के दस मेडिकल कॉलेजों में 5699 पदों पर होने वाली भर्ती फिलहाल अटक गई है। आरक्षण विवाद की वजह से अभी इन पदों पर भर्ती नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने इन भर्तियों के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की ओर से भर्ती परीक्षा आयोजित कराने का फैसला लिया था। पिछले महीने इस परीक्षा के लिए व्यापमं ने मंजूरी भी दे दी थी। ऐसा पहली बार हो रहा है जब स्वास्थ्य विभाग की भर्ती परीक्षा व्यापमं से कराई जा रही है। लेकिन आरक्षण रोस्टर नहीं बनने के वजह से अभी इन पदों पर भर्ती नहीं की जाएगी।
इससे भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा परेशान हो गए हैं। अभी यह भी तय नहीं है कि परीक्षा कब होगी। पहले 4 हजार पदों पर सीधी भर्ती की जानी थी, लेकिन तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पद भी खाली होने की वजह से पदों की संख्या बढ़कर 5699 हो गई। इसी परीक्षा से स्टाफ नर्स, रेडियोग्राफर, ओटी टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, वार्ड ब्वाय, आया आदि पदों पर भी भर्ती की जाएगी। विभाग के अफसरों का कहना है कि आरक्षण रोस्टर फाइनल होते ही डीएमई कार्यालय पदों की सूची व्यापमं को सौंप देगा। परीक्षा के बाद व्यापमं की ओर से जारी मेरिट के अनुसार भर्ती होगी।



