आबकारी विभाग पर हमला, 5 महिलाएं गिरफ्तार, आरोपियों से लाठियां, पत्थर जब्त, ग्राम भिल्मी में हुई थी घटना

सीपत क्षेत्र के ग्राम भिल्मी में शराब पकड़ने गई आबकारी विभाग की टीम पर हमला करने वाले आरोपियों में से पांच महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग शामिल है। घटन एक दिन पहले हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पत्थर व लाठी जब्त की है। सीपत क्षेत्र के ग्राम भिल्मी में अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम में शामिल एसआई आनंद वर्मा, मुकेश पांडेय, रमेश दुबे, ऐश्वर्या मिंज, जनकराम जगत, कांस्टेबल अनिल पाण्डेय, निरंजन डनसेना, कल्याण कहरा, प्रभुवन बघेल व उपेंद्र सिंह वहां गए थे।
यहां से 85 लीटर महुआ शराब मिला। उसे जब्त कर सुमित वर्मा को गिरफ्तार किया गया। इस बीच महिलाओं की भीड़ जुट गई। इनमें से कुछ लोग लाठियों से लैस थे। उन्होंने अफसर व जवानों पर हमला कर दिया और उनकी गाड़ियों में पथराव किया। टीम के सदस्य किसी तरह जान बचाकर भागे। टीम ने सीपत थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
गुरुवार को इस मामले में सीमा वर्मा पति विनोद वर्मा (35) अनुराधा सूर्यवंशी पति सुमित वर्मा (20) अंजली वर्मा पति स्व रामनाथ वर्मा (27) जीत कुमारी उर्फ जीतू पति कश्मीरी वर्मा (35) व एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। सभी भिल्मी के वर्मा मोहल्ले के रहने वाले हैं। बाकी दिव्यानी वर्मा, सुनीता वर्मा व अन्य फरार है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।



