सरकारी काम में लापरवाही रेत की बोरियों पर टिकी है सड़क, 4.99करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट

सरकारी काम में लापरवाही का एक नायाब नमूना है इस तस्वीर में दिख रहा प्रोजेक्ट। यह तस्वीर है बिलासपुर- रतनपुर रोड पर तुरकाडीह मोड़ के आगे मुख्य सड़क की। दरअसल, रेत माफियाओं ने ऐसी अंधाधुंध खुदाई की कि अरपा का तट कटने लगा और नदी सड़क तक आ पहुंची। लोक निर्माण विभाग ने 2016-17 में सेंदरी तक 12 किमी की सड़क करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से बनाई थी। अगस्त 2022 में बरसात के दौरान सड़क का यह हिस्सा नदी में बह गया। आनन-फानन में मरम्मत की गई, लेकिन बात नहीं बनी। डैमेज इतना अधिक हिस्सा हो गया था कि अस्थाई मरम्मत संभव न था। करीब तीन महीने पहले बहे हुए हिस्से पर रेत की सैकड़ों बोरियां रख दी गईं, ताकि और अधिक कटाव न हो। तब से इन बोरियों पर ही यह सड़क टिकी हुई है। अफसरों ने मरम्मत के लिए 10 लाख रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजा है। मंजूरी के बाद सड़क की मरम्मत का रास्ता साफ होगा।
विशेषज्ञ बताते हैं कि पुलिया बनाते समय डिजाइन दुरुस्त नहीं थी। 1 हजार मीटर के पाइप की जगह तीन बाई तीन बॉक्स पुलिया होनी थी। इसके साथ ही कैचमेंट एरिया का भी ध्यान नहीं रखा गया। जिससे बरसात में पानी पुलिया तक पहुंचते ही स्ट्रक्चर ने दम तोड़ दिया।



