विरोध प्रदर्शन किया जा रहा:धान की सूखत, वेतन अनुदान सहित अन्य मांगों के लिए किया अर्धनग्न प्रदर्शन

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अंतर्गत संचालित सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधक, विक्रेता व अन्य लोगों के द्वारा पांच सूत्रीय मांगाें को लेकर 24 जुलाई से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उनके आंदोलन में चले जाने से किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है तो ऐसे उपभाेक्ता जिन्हें चावल व अन्य सामग्री की जरूरत है, उनको भी परेशानी हो रही है। शुक्रवार को सहकारी बैंक कर्मियों ने जांजगीर में अर्धनग्न प्रदर्शन किया।
जिला प्रवक्ता त्रिलोकी नाथ तिवारी ने बताया कि उनके संघ की पांच प्रमुख मांगें हैं, जिसमें धान की सूखत, वेतन अनुदान, बैंक के रिक्त पदों पर सहकारी समिति के कर्मचारियों की शत प्रतिशत भर्ती, सेवा नियमों में संशोधन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि संघ की हड़ताल के कारण जिले भर की समितियों में ताला लटका हुआ है। इससे किसानों को केसीसी नहीं बन पा रहा है तो खाद, बीज भी नहीं मिल पा रहा है। अर्धनग्न प्रदर्शन करने वालों में संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद दुबे, प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं जिला प्रवक्ता त्रिलोकी नाथ तिवारी, देवेन्द्र सिंह ठाकुर, देवेन्द्र साव, सुखसागर कश्यप, लेखराम कश्यप एवं सहकारी समिति के अन्य कर्मी शामिल थे।



