आईआरसीटीसी से रेलवे करेगा 10 से 15 साल का करार, सर्वे के बाद होगा तय होगा किराया होटल जैसी मिलेगी सुविधा

आने वाले दिनों में रायपुर रेलवे स्टेशन की डोरमेट्री और रिटायरिंग रूम में थ्री स्टार होटलों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यह भी घंटों के हिसाब से। इसके लिए रेलवे आईआरसीटीसी से 10 से 15 साल का करार करने जा रहा है। टेंडर के माध्यम से रिटायरिंग रूम और डोरमेट्री का जिम्मा लेने वाली कंपनी इसे प्राइवेट होटल की तरह रेनोवेट करेगी। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए एलईडी टीवी, सुसज्जित कमरे, प्रशिक्षित अटेंडर आदि की व्यवस्था रहेगी।
इससे यात्रियों को बड़े होटल जैसी सुविधा मिलेगी। अफसरों का कहना है कि टेंडर की प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही इसे आईआरसीटीसी के हवाले कर दिया जाएगा। आईआरसीटीसी शहर मेें सर्वे कराएगी। उसके बाद इसका किराया तय होगा। रायपुर रेलवे स्टेशन ए कैटेगरी में शामिल है। स्टेशन से रोजाना 70 हजार यात्रियों का आना-जाना होता है। वर्तमान में स्टेशन पर यात्रियों के ठहरने के लिए बेहतर सुविधा नहीं है। वर्तमान में स्टेशन पर 5 कमरों का रिटायरिंग रूम और दो डॉरमेट्री है। इसमें 29 बेड हैं, जिसमें 22 एसी बेड हैं, 7 नान एसी बेड है। इसमें 14 एसी बेड 20 दिन के लिए बंद कर दिया गया है, क्योंकि यहां छत से पानी टपक रहा था।
इस प्रक्रिया के तहत रेलवे व आईआरसीटीसी के बीच करार होगा। अनुबंध की अवधि 10 से 15 साल की होगी। साथ ही यहां से प्राप्त राजस्व का 75 प्रतिशत हिस्सा आईआरसीटीसी व 25 प्रतिशत रेलवे के खाते में जमा होगा। करार में दोनों की जिम्मेदारी भी तय होगी।
वर्तमान में रिटायरिंग व डॉरमेट्री अपर क्लास के यात्रियों के मुताबिक नहीं है। इसे होटल की तरह विकसित किया जाएगा। यहां होटलों की तरह सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे फायदा यह होगा कि एक या दो जर्नी ब्रेक करने वाले यात्रियों को रुकने और भोजन के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा रिटायरिंग और डोरमेट्री का कमरा तय करने के लिए रेलवे स्टेशन के आसपास सर्वे कराएगा। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि आसपास के क्षेत्र में स्थित होटल कितने दामों में उपलब्ध हैं। इसके बाद यहां का किराया तय किया जाएगा। ठंड में रूम हिटर की सुविधा, वाई-फाई कनेक्टिविटी, मैग्जिन, सुसज्जित कमरे, लॉक युक्त आलमारी व लॉकर, प्रशिक्षित अटेंडर, प्रत्येक रूम में एलईडी टेलीविजन आदि की सुविधा रहेगी।
रायपुर स्टेशन पर स्थित डोरमेट्री और रिटायरिंग रूम को आईआरसीटीसी के माध्यम से प्राइवेट कंपनी को देने का फैसला लिया गया है। रेलवे द्वारा जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी



