महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की क्लास में 75% से कम की उपस्थिति पर पालकों को भेजेंगे सूचना

शिक्षा सत्र 2022-23 में महाविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर की कक्षाएं ऑफलाइन चल रही है। इसी वजह से परीक्षा के पहले छात्रों की कक्षा में उपस्थिति का आकलन किया जाएगा। परीक्षा के पहले जिन विद्यार्थियों की कॉलेज में उपस्थिति 75 फीसदी से कम रहेगी, उनके पालकों और अभिभावकों को महाविद्यालय की ओर से सूचना भेजी जाएगी। साथ ही पूछा जाएगा कि उनके बच्चे बिना किसी बड़े कारण के कक्षाओं से अनुपस्थित क्यों हैं?
कोरोना की वजह से पिछले दो साल तक कॉलेजों की पढ़ाई लगातार प्रभावित रही। लगभग सभी महीनों में ऑनलाइन क्लास लगी। इसीलिए उपस्थिति में ध्यान ही नहीं दिया गया। करीब तीन साल बाद इस बार कॉलेजों में पूरी तरह से ऑफलाइन पढ़ाई हो रही है। कॉलेज प्रबंधनों ने साफ कर दिया है कि छात्रों की क्लास में उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम रहेगी तो इसकी सूचना उन छात्रों के पैरेंट्स को भी दी जाएगी। अभी तक ऐसा नहीं किया जा रहा था। वर्तमान में जिले के सभी कॉलेज में पढ़ाई का दौर शुरू हो गया है। कवर्धा के पीजी कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भी भराया गया है। इसके साथ ही वार्षिक परीक्षा को लेकर नामांकन फॉर्म भी 14 नवंबर तक ऑनलाइन भरे गएकॉलेजों में उपस्थिति की पहली गणना 30 नवंबर की स्थिति में होगी। अधिकारियों का कहना है कि इस बार कॉलेजों में देर तक प्रवेश होने के बावजूद पाठ्यक्रम पूरा करने में काफी दिन बाकी हैं। सितंबर के आखिरी सप्ताह से कक्षाएं पूरी तरह से शुरू हो गई हैं। पिछले दिनों दशहरा व दीपावली की छुट्टियां थी, लेकिन इस महीने भी कई दिनों तक कक्षाएं लगी। 30 नवंबर तक की स्थिति में जिन छात्रों की अटेंडेंस कम होगी उन्हें पहले समझाइश दी जाएगी। अटेंडेंस को लेकर दूसरी गणना 28 फरवरी की स्थिति में होगी। जिनकी उपस्थिति कम रहेगी उन्हें परीक्षा में बैठने से वंचित किया जा सकता है वार्षिक परीक्षा शुरू होने में अभी चार माह बचे हैं। इस दौरान सभी कक्षाओं पाठ्यक्रमों को पूरा किया जाएगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग से भी निर्देश जारी किया गया है। इस दौरान यदि पाठ्यक्रम पूरा होने की संभावना कम दिखने की स्थिति में छुट्टी के दिनों में अतिरिक्त कक्षाएं भी लगाए जाने का सुझाव दिया गया है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण है कि इस बार महाविद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया काफी लंबी चली है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए कक्षाएं लगने वाले दिनों के आधार पर विद्यार्थियों की उपस्थिति का आकलन किया जाएगा। इस प्रकार कॉलेजों में सिलेबस के हिसाब से पढ़ाई शुरू कर दी गई है।हेमचंद विवि से संबद्ध जिले के सभी निजी व सरकारी महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों की परीक्षाएं दिसंबर के आखिरी सप्ताह में संभावित है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब परीक्षा की अधिसूचना और समय सारणी जारी की जाएगी। पिछले दिनों हेमचंद विवि ने ऑनलाइन पूरक परीक्षा आयोजित की थी। इसके नतीजे भी आ चुके हैं। इसके बाद आने वाले दिनों में स्नातक स्तर की परीक्षा की भी तैयारी की जाएगी। इस बार स्नातक स्तर की वार्षिक परीक्षाएं मार्च-अप्रैल में आयोजित की जा सकती हैं। इसे लेकर जनवरी माह में ऑनलाइन फॉर्म भरे जाएंगे। स्नातक में सात आंतरिक मूल्यांकन होंगे। इसमें पांच में शामिल होना जरूरी है। उच्च शिक्षा एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार पहली यूनिट परीक्षा 1 सितंबर और दूसरी यूनिट परीक्षा 30 सितंबर को आयोजित किया जाना था। लेकिन कॉलेजों में 30 सितंबर तक प्रवेश दिए गए। इसलिए अधिकांश कॉलेजों ने अक्टूबर में यूनिट परीक्षा ली। अब नवंबर में फिर से यूनिट टेस्ट लिए जा रहे हैं।



