बाल सुरक्षा सप्ताह:बच्चों को गुड टच बैड टच समेत थाना की गतिविधियों की दी गई जानकारी,

जिले में 14 से 20 नवंबर तक बाल सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत जिले के विभिन्न थाना में स्कूली बच्चें पहुंचकर थाना की कार्रवाई को करीब से देख और समझ रहे हैं। वहीं दिनभर थाने में होने वाली गतिविधियों जैसे रिपोर्ट, जांच की जानकारी ले रहे हैं। रामपुर स्थित सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल के बच्चें सिटी कोतवाली पहुंचे। यहां बच्चों को होने वाली कार्रवाई के बार में बताया गया। इसके साथ ही सीसीटीएनएस, महिला डेस्क, बंदी गृह, विवेचक कक्ष, दिवस अधिकारी की जानकारी दी गई।
इससे पहले स्कूली बच्चों को थाना प्रभारी अश्विनी सिंह ने स्वागत किया और प्रतीकात्मक रूप से कक्षा दूसरी की छात्रा निशी मिश्रा को थाना प्रभारी का कार्यभार सौंपा। निशी ने कहा कि शहर में चोरी न हो इसका ध्यान रखे। इस दौरान थाना यातायात लांसनायक डाॅ. महेश मिश्रा ने बच्चों को उनके अधिकार व कानूनी प्रावधान की जानकारी दी। स्कूली बच्चों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध, महिला संबंधी अपराध, पॉक्सो अधिनियम, गुड-टच बैड-टच, अनुशासन, स्वास्थ्य, पोषण आहार व यातायात जागरूकता के संबंध में जानकारी देने के साथ ही उनके द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब भी पुलिस अधिकारियों ने दिए।



