ऑनलाइन भुइयां साफ्टवेयर में हो रही परेशानियों को दूर करने की मांग को लेकर पटवारी संघ ने राजस्व मंत्री को सौंपा ज्ञापन

रायपुर. राजस्व पटवारी संघ ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर ऑनलाइन भुइयां साफ्टवेयर में हो रही परेशानियों को दूर करने की मांग की है. समस्याएं दूर नहीं होने पर 12 से 16 दिसंबर तक भुइयां कार्यक्रम का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है. राजस्व सचिव एवं संचालक भू अभिलेख को पहले ही ज्ञापन सौपा जा चुका है, जिसका आज तक निराकरण नहीं किया गया है. इससे सभी पटवारी निराश हैं.
राजस्व पटवारी संघ छग की प्रांतीय बैठक कोरिया में आहूत की गई थी, जिसमें भुइयां में आ रही समस्याओं के बारे में चर्चा की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक सप्ताह के भीतर भुइयां में हो रही अवांछित बदलाव एवं समस्याओं का निराकरण न होने की स्थिति में प्रांत के सभी पटवारी 12 से 16 दिसंबर तक भुइयां कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे.
पटवारी संघ का कहना है कि वर्तमान में पटवारी कार्य से संबंधित समस्त रिकार्ड ऑनलाईन भूइयां में दर्ज है, जिसके माध्यम से भूमि स्वामियों को घर बैठे अपने भूमि की सारी जानकारी ऑनलाईन प्राप्त हो रही है. एनआईसी द्वारा भी समय समय पर इसमें आवश्यक प्रयास एवं सुधार किए जाते रहे हैं परंतु वर्तमान में ऑनलाइन कार्य करने में न केवल पटवारियों को अपितु आम जनता को भी अपने रिकार्ड जांच करने, कार्य करवाने में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें जल्द आवश्यक सुधार की आवश्यकता है.



