अंबिकापुर

उज्ज्वल का शव पांचवें दिन एनडीआरएफ की टीम ने ढूंढ निकाला…

अंबिकापुर. बलरामपुर जिले के पर्यटन स्थल पलटन घाट में डूबे झारखंड के सोनपुरवा गढ़वा निवासी उज्ज्वल यादव(20) का शव पांचवें दिन एनडीआरएफ की टीम ने ढूंढ निकाला। घटनास्थल से 100 मीटर दूर पत्थर के पास उज्ज्वल का शव पड़ा हुआ था। शव मिलते ही स्वजन के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। मालूम हो कि झारखंड के गढ़वा के सोनपुरवा निवासी उज्जवल प्रसाद यादव पलटन घाट में पिकनिक मनाने बीते रविवार को अपने साथियों के साथ आया था।

यह भी पढ़ें: कोरोना संक्रमण एक बार फिर पूरे देश सहित छत्तीसगढ़ में तेजी से पैर पसार रहा, नए वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट…

दोपहर पलटन घाट कनहर नदी में नहाने के दौरान डूब गया था। ढूंढने के लिए उसी दिन शाम को ही एसडीआरएफ की टीम पहुंची थी। तीन दिनों तक लगातार एसडीआरएफ टीम प्रयास करती रही। एसडीआरएफ की टीम को सफलता नहीं मिलता देख जिला प्रशासन की पहल पर एनडीआरएफ की टीम को बुलवाया गया था। एनडीआरएफ की टीम भी मंगलवार शाम और बुधवार दिनभर उज्ज्वल को ढूंढने का प्रयास करती रही लेकिन सफलता नहीं मिली थी।

पलटन घाट में सुबह से लेकर शाम तक बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर उज्ज्वल के मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। समय के साथ स्वजन की बेचैनी भी बढ़ती जा रही थी। गुरुवार सुबह पलटन घाट में जब एनडीआरएफ की टीम पुनः उज्जवल के शव को ढूंढने के लिए पानी में उतरने की तैयारी कर ही रही थी, तभी पत्थरों के किनारे उसका शव दिखा। जिसके बाद तत्काल एनडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला।

 

Back to top button