जिला स्तरीय प्रशिक्षण का हुआ आयोजन, बस्तर होगा तम्बाकू मुक्त

जगदलपुर। प्रवर्तन दल के सदस्यों का धूम्रपान मुक्त बस्तर बनाए जाने के लिए एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण गुण्डाधुर सभागार में आयोजित किया गया। जिले के पुलिस विभाग, श्रम विभाग, खाद्य विभाग, नगरीय निकाय के अधिकारियों को तंबाकू उत्पादों के उपयोग और खरीद-बिक्री संबंधी कानूनों की जानकारी देते हुए इसके प्रयोग नही करने हेतु शपथ दिलाई गई। ‘द यूनियन’ संस्था के विशेषज्ञों ने धूम्रपान मुक्त बस्तर बनाये जाने की रणनीति व तंबाकू-जनित बीमारियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। इस सम्बंध में ब्लूमबर्ग परियोजना के सम्भागीय समन्वयक प्रकाश श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया: “भारत सरकार के तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत बस्तर जिले को धूम्रपान मुक्त किए जाने का प्रयास जारी है। बस्तर जिले में तम्बाकू नियंत्रण के लिये डब्लूएचओ द्वारा तैयार किये गए एमपॉवर रणनीति का प्रयोग किया जाएगा। अर्थात मॉनिटर, प्रोटेक्ट,ऑफर, वार्न, इंफोर्स, रेज आदि। मॉनिटर के तहत तम्बाकू के उपयोग और रोकथाम नीतियों की निगरानी की जाएगी । प्रोटेक्ट में लोगों को तम्बाकू के धुंए से बचाया जाएगा। ऑफर में तम्बाकू सेवन छोड़ने में मदद की जाएगी। वॉर्न में तम्बाकू के खतरों व हानिकारक प्रभाव के बारे में चेतावनी दिया जाएगा। इंफोर्स में तम्बाकू के विज्ञापन, प्रचार और प्रायोजन पर प्रतिबंध लागू किया जाएगा। वहीं रेज के द्वारा तम्बाकू पर टैक्स बढ़ाने सम्बन्धी उपाय किये जाएंगे।



