घरों में घुसा पानी तो नाली खोदना पड़ गया:बारिश ने खोली शहर सरकार के दावों की पोल, पानी-पानी हुए हमारे वार्ड

बारिश ने शहर सरकार के दावों की हकीकत सामने ला दी। पालिका ने बारिश का पानी घरों में न घुसे इसके लिए न तो नालियों को व्यवस्थित की और ना ही नालियां बनाने पर ध्यान दिया। शहर सरकार का पूरा फोकस तालाब व गार्डन तक ही सिमट कर रह गया। शुक्रवार को बारिश के बाद पानी से भरे वार्ड के लोगों ने परेशानियांं वार्ड के पार्षदों को बताई तो उन्होंने मजबूरियां भी गिना दी कि उन्होंने नपा के अधिकारियों को कई बार पत्र लिखा पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया। अब नगर सरकार इन वार्डों में हो रहे जलभराव को देखें कैसी आपकी उदासीनता के कारण शहर पानी, पानी हो गया है।
घरों में घुसा पानी तो नाली खोदना पड़ गया
शुक्रवार की रात हुई बारिश के कारण मेन रोड में नेताजी चौक के पास की नाली जाम हो गई, जिससे घरों व दुकानों में पानी भर गया। पानी को निकालने के लिए नाली की सफाई बरसात में करानी पड़ी। नाली से पानी निकालने के लिए टूल्लू पंप लगाना पड़ा। तब जाकर आसपास के लोगों ने राहत महसूस की।
नाली नहीं, सड़कों में डेढ़ फीट पानी, घरों में कैद हो गए लोग
वार्ड 6 में नहर किनारे रहने वाले लोगों को हर साल मुसीबतों का सामना करना पड़ा। नगर पालिका ने वार्ड के मोहल्ले में नाली ही नहीं बनवाई है। वार्ड 7 व 6 के ऊपर लिंकरोड का पूरा पानी बहकर माेहल्ले में घुस जाता है। शनिवार को मोहल्ले में डेढ़ फीट पानी भर गया, जिससे 75 से 100 घरों के लोगों का बाहर निकलना बंद हो जाता है। पार्षद अमित यादव ने बताया कि उन्होंने मई में ही सीएमओ को चिट्ठी लिखी थी पर ध्यान नहीं दिया गया।
वार्ड 23 में घरों में घुस गया पानी
नगर के वार्ड क्रमांक 23 में भी लोगों को शनिवार को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस वार्ड में भी पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों के घरों में पानी घुस गया। दिन भर इस वार्ड के लोग परेशान होते रहे।
अब तक जिले में 1192.6 मिमी बारिश
शुक्रवार की सुबह से लेकर शनिवार की सुबह तक 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। जिले भर में 1192.6 मिमी बारिश हुई। 1 जून से 24 जुलाई तक 54 दिनों में 521 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। इसी अवधि में 419.4 मिमी औसत वर्षा हुई थी।
अकलतरा में सबसे अधिक
जांजगीर में 400.2 मिलीमीटर, अकलतरा- 735.7, बलौदा 610.1, नवागढ़ 471.8, पामगढ़ 535.1, चांपा 648.1, सक्ती 395.5 बारिश हुई।



