राजनांदगांव जिला

पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की घटना:रात 3:30 बजे… आईसीयू से डॉक्टर व नर्सेज गायब मरीज ने तड़पते हुए दम तोड़ा, लापरवाही का आरोप

  • परिजनों ने अधीक्षक के पास की इसकी शिकायत

पेंड्री स्थित भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के आईसीयू में सोमवार को आधी रात गैंदाटोला निवासी 68 वर्षीय आनंद देवांगन की मौत हो गई। परिजनों ने इस मामले में अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि रात को मरीज की हालत बिगड़ती जा रही थी।

बार-बार शिकायत करने के बाद भी डॉक्टर और नर्सेज नहीं आए। रात को ड्यूटी कक्ष में न डॉक्टर मौजूद थे और न ही नर्सेज थीं। यहां तक की वार्ड ब्वॉय तक नदारद थे। परेशान परिजनों ने अस्पताल की स्थिति को सामने लाने के लिए पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया है। गैंदाटोला निवासी अर्जुन देवांगन ने बताया कि पिता आनंद देवांगन की तबीयत बिगड़ने के बाद डोंगरगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सांस लेने में थी तकलीफ, स्टाफ ने ध्यान नहीं दिया

अर्जुन ने बताया कि दिनभर इलाज ठीक चला पर रात होते ही लापरवाही सामने आती गई। बताया कि पिता के मुंह से मास्क निकल गया था। इसे लगाने बार-बार नर्सेस के पास जा रहे थे पर कोई नहीं आ रहे थे। नर्सेस का कहना था कि खुद ही मास्क लगा लें। रात को 3.30 बजे के बाद तो ड्यूटी कक्ष में ही कोई नहीं थे।

इस बीच पिता को सांस लेने में तकलीफ बढ़ती गई। यह सब बताने के बाद भी डॉक्टर आए और न ही नर्सेस न ध्यान दिया। देखते ही देखते तबीयत बिगड़ती गई और पिता ने दम तोड़ दिया। इस घटनाक्रम की परिजनों ने वीडियो बनाई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि वार्ड के भीतर स्टॉफ मौजूद नहीं है।

मामले की जांच कराएंगे

अर्जुन ने बताया कि मौत होने की सूचना के बाद कुछ कर्मचारी पहुंचे और सीधे शव को बेड से हटाकर जल्द ले जाने की जिद कर रहे थे। अर्जुन ने अधीक्षक के नाम शिकायती पत्र लिखकर सहायक अधीक्षक डॉ. सीएस मोहबे को सौंपा। मोहबे का कहना है कि जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि लापरवाही कहां पर हुई।

Related Articles

Back to top button