बिलासपुर: पैसे नहीं देने पर पुलिस वाले ने आरोपी को पीटा|

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। यहां एक आरोपी ने सब इंस्पेक्टर पर उसे लात-घूंसों से पीटने का आरोप लगाया है। इसके अलावा उससे और अन्य 4 आरोपियों से 10 हजार रुपए मांगने का आरोप भी लगाया है। आरोपी युवक ने बताया कि उसे बड़ी धाराओं में फंसाकर जेल भेजने और जमानत नहीं मिलने की धमकी देकर रुपयों की मांग की गई है। रुपए नहीं देने पर उसकी लात-घूंसों से पिटाई की गई। जिससे उसका सिर फट गया है। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बीते 24 जुलाई को कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम पौंसरा के शराब दुकान में घुसकर युवकों ने सेल्समेन दुर्गा प्रसाद केवट की डंडे से पिटाई कर दी थी। सेल्समेन की रिपोर्ट पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया गया था।
मंगलवार को SI गुलाब पटेल ने बचे हुए चार आरोपियों को गिरफ्तारी देने के लिए थाने बुलाया था। इनमें से पौंसरा के आवास पारा निवासी चैन सिंह ठाकुर (30) बुधवार की सुबह 11 बजे सरेंडर करने थाने पहुंचा। इसी दौरान उससे मारपीट की गई है। ऐसा आरोप चैन सिंह ठाकुर ने लगाया है।
आरोपी चैन सिंह का कहना है कि S Iगुलाब पटेल ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई की, जिससे उसका सिर दीवार से टकराकर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। उसकी हालत देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। उसे फौरन इलाज के लिए CIMS ले जाया गया। इलाज के लिए लेकर जाते समय उससे कहा गया कि वह घटना के बारे में किसी से कुछ न बताए। CIMS में भी डॉक्टर से ASI ने कहा कि वह गिर कर घायल हो गया है। डॉक्टर ने चैन सिंह से पूछा तो उसने अपने साथ हुई मारपीट की घटना की जानकारी दी। हालांकि डॉक्टर ने पर्ची में चोट का कारण गिरना ही लिखा है। उसके सिर में 6 टांके लगे हैं।



