दोपहर बाद निकली धूप:सावन के अंतिम दिन छाए रहे बादल, आज से भादो मास

- 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा पारा, तीन दिन मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान
रविवार को सावन मास का अंतिम दिन रहा। बीती रात जहां झमाझम बारिश हुई, वहीं दिन में बादलों की लुकाछिपी से बारिश होने का आसार बना रहा, लेकिन दोपहर बाद धूप निकली और बादल बिना बरसे ही लौट गए। दिन का अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते 24 घंटे के दौरान जिले में 19 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई है।
आषाढ़ के बाद सावन में हुई अच्छी बारिश के कारण जिले में अब तक 1066.7 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है, जो बीते साल से अधिक है। सोमवार से भादो लग जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो भादो के प्रारंभिक तीन दिन तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस पर बना रहेगा। इससे इन दिनों तक बारिश की संभावना कम है। जिले में बीते 10 सालों में सबसे अधिक बारिश अब तक हो चुकी है।
भादो में भी बारिश की उम्मीद है, लेकिन शुरुआती 3 दिन तक मौसम सामान्य रहने से बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन अच्छी बारिश का पूर्वानुमान नहीं है। रविवार को दोपहर तक बारिश की संभावना बनी हुई थी, लेकिन धूप निकलने से गर्मी व उमस बढ़ गई। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था, वह रविवार को बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस हो गया है। हालांकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री पर स्थाई बना हुआ है। बुधवार तक जिले में मौसम इसी तरह रह सकता है। बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार सुबह निर्मला शर्मा ने अपने कैमरे में ये मनोरम दृश्य को कैद कीं।


