छत्तीसगढ़ विशेषरायपुर जिला

भारत जोड़ो यात्रा में बदलाव:राहुल के साथ दो दिन ही चलने का मौका मिलेगा…

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के कार्यक्रम में मामूली बदलाव हुआ है। इसकी वजह से छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों को राहुल गांधी के साथ दो दिन ही चलने का मौका मिलेगा। इस यात्रा में शामिल होने के लिए पहले 250 लोगों का नाम था। अब इसकी संख्या बढ़कर 324 हो गई है। पदयात्रा में कांग्रेस के लोग प्रदेश की सात महत्वपूर्ण नदियों का पानी और विभिन्न ऐतिहासिक-सांस्कृतिक महत्व के स्थलों की मिट्‌टी लेकर भी जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संगठन महामंत्री अमरजीत चावला ने बताया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के 324 लोग पदयात्रा में शामिल होने मध्य प्रदेश जा रहे हैं। यह जत्था 26 और 27 नवम्बर को खंडवा जिले के मोरटक्का से इंदौर तक की पदयात्रा करेगा। पहले यह पदयात्रा खरगोन जिले के खेरदा गांव से शुरू होनी थी। यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ को 26, 27 और 28 नवम्बर का समय मिला था। अब इंदौर पहुंचने के बाद 28 नवम्बर को यात्रा से एक दिन की छुट्‌टी घोषित की गई है। इसकी वजह से यात्रा में छत्तीसगढ़ का समय कम हुआ है।

पीसीसी प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला ने बताया, इस यात्रा में पौधराेपण के लिए पदयात्री अपने साथ प्रदेश की सात महत्वपूर्ण नदियों का पानी लेकर जाएंगे। इसमें अरपा, पैरी, सोंढुर, हसदेव, शिवनाथ, इंद्रावती और महानदी का जल होगा। इसके अलावा यहां की मिट्‌टी भी एक कलश में ले जाई जाएगी। यात्रा मार्ग पर कहीं इस मिट्‌टी और जल का उपयोग का राहुल गांधी भारत जोड़ो संकल्प के साथ पौधरोपण किया जाएगा। ऐसा पूरे यात्रा मार्ग पर जगह-जगह किया जा रहा है। इसके तहत जिन प्रदेशों से पदयात्रा नहीं गुजर रही है वहां की मिट्‌टी-पानी को यात्रा मार्ग में शामिल प्रदेश में पौधरोपण किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस ने दो दिन की पदयात्रा के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 324 नेताओं की सूची भेजी है। इसमें 19 नेता 26 और 27 नवम्बर को दोनो दिन पदयात्रा का हिस्सा हाेंगे। बाकी 305 लाेग 26 अथवा 27 नवम्बर में किसी दिन पदयात्रा का हिस्सा बन जाएंगे। दोनों दिन पदयात्रा में शामिल नेताओं में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव प्रमुख रूप से शामिल है। उनके साथ सह प्रभारी डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उलका, सांसद केटीएस तुलसी, रंजीत रंजन, राजीव शुक्ला, दीपक बैज, फूलोदेवी नेताम भी होंगे। वहीं संगठन महामंत्री अमरजीत चावला, पीसीसी कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, सीएमडीसी के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, सफी अहमद, राकेश गुप्ता, पंकज महावर और पूर्णचंद कोको पाढ़ी का नाम भी इस सूची में शुमार है।

 

Related Articles

Back to top button