कवर्धा : चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस, आबकारी, फॉरेस्ट के ज्वाइन फोर्स को कार्य करने में होगी बड़ी सहूलियत।

कबीरधाम । जिले के थाना कुकदुर के ग्राम पोलमी में पूर्व से पुलिस चेक पोस्ट लगाकर मध्य प्रदेश के बजाक एवं उत्तर प्रदेश की ओर से आने तथा छत्तीसगढ़ की ओर से जाने वाले समस्त वाहनों की लगातार चेकिंग करने हेतु पुलिस आबकारी एवं फॉरेस्ट की टीम के द्वारा लगातार चेक पोस्ट पर तैनात होकर अवैध मादक पदार्थ गाँजा, शराब व वन संपदा की सुरक्षा हेतु 24 घंटे टीम के द्वारा जांच की जा रही है, परंतु चेक पोस्ट पर तैनात बल के लिए उचित भवन ना होने से जवानों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था, जिस का विशेष ध्यान रखते हुए चेक पोस्ट पर कबीरधाम पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के द्वारा भवन का निर्माण कर उक्त भवन का उद्घाटन किया गया है। साथ ही उपस्थित आम जनों को यह भी जानकारी दिया गया कि चेक पोस्ट पर नियमित चेकिंग की जा रही है, जिससे चेक पोस्ट पर तैनात संयुक्त टीम को अब किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी तथा वे बेहतर ढंग से मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ सीमा से होकर गुजरने पर वाहनों की चेकिंग कर छत्तीसगढ़ के भीतर किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्व या मादक पदार्थों को सीमा के अंदर प्रवेश नहीं करने देंगे तथा उसी स्थान पर उचित वैधानिक कार्यवाही भी कर रहे हैं। राज्य सरकार के द्वारा भी पूर्व में निर्देश प्राप्त हुआ था कि अंतर्राज्यीय सीमा पर चेक पोस्ट का निर्माण करा छत्तीसगढ़ के वन संपदा आदि को तस्करी करने वाले असामाजिक तत्वों एवं बाहरी राज्यों से छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थ गाँजा, शराब आदि पर रोक लगाकर, असामाजिक तत्वों पर सख्त से सख्त उचित वैधानिक कार्यवाही की जाए जिस के परिपालन में लगातार जिले के सीमावर्ती पुलिस चेक पोस्ट पर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग निरंतर की जा रही है कहा गया।



