हाईकोर्ट से दुष्कर्म पीड़िता ने मांगी अबॉर्शन की अनुमति

बिलासपुर। दुष्कर्म पीड़िता प्रेग्नेंट युवती की अबॉर्शन की अनुमति की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर हाईकोर्ट के जस्टिस पी सेम कोशी ने CMHO से मेडिकल रिपोर्ट मांगी है। साथ ही दुष्कर्म पीड़िता की जांच के लिए टीम गठित कर चार जुलाई तक रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
दरअसल, युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने दुष्कर्म किया, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। इसके बाद युवक ने उसका साथ छोड़ दिया है। युवती बिन ब्याही मां नहीं बनना चाहती। इसलिए अबॉर्शन कराने के लिए चक्कर काट रही है। मामला महासमुंद जिले का है।
प्रेग्नेंट युवती ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें बताया है कि बसना थाना क्षेत्र में रहने वाले गुणसागर पसायत ने उसे पहले धोखे से प्यार में फंसाया। इसके बाद शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। उसके भरोसे में आकर युवती ने अपना सब कुछ लूटा दी। उसे उम्मीद थी कि युवक उसके साथ धोखा नहीं करेगा और उससे शादी करेगा।
युवक का साथ छोड़ने के बाद युवती परेशान थी। लिहाजा, वह पुलिस के पास गई। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट पर 23 मई को आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म के साथ ही एट्रोसिटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। इधर, दुष्कर्म से पीड़िता अपना अबॉर्शन कराने के लिए भटकती रही। गर्भपात कराने के लिए वह जहां भी गई वहां, नियमों का हवाला देकर गर्भपात करने से इंकार कर दिया गया।



