कवर्धा जिले मे एक ही परिवार के 9 लोगो को हुई फूड प्वाइजनिंग, जहरीली मशरूम खाकर सोये थे सभी

कवर्धा। जिले में एक ही परिवार के 9 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए है। इनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार देर रात तबीयत बिगड़ने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। सभी ने रात में मशरूम की सब्जी खाई थी। इसे कहां से लाया गया था, यह तो पता नहीं चल सका है, लेकिन उनके जहरीले होने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के मुताबिक, भागुटोला गांव निवासी गौकुर साहू के परिवार ने रविवार रात को बांस पिहरी (मशरूम) की सब्जी खाई थी। इसके बाद सोने चले गए। रात करीब 2 बजे एक-एक कर लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। बच्चे भी पेट दर्द से तड़पने लगे। यह देखकर परिवार के किसी सदस्य ने डायल-112 को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस पहुंची तो परिवार के ज्यादातर सदस्य बेसुध हो चुके थे। इस पर सभी को अस्पताल भेजा गया।
फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए परिवार के सदस्यों में गौकुर साहू (50), आरती साहू (19), भक्ति साहू (17), बिंदा साहू (5), उमेसवारी साहू (5), दामेश्वरी साहू (5), प्रतिभा साहू (6), राधिका साहू (27) और रामानंद साहू (17) शामिल है।



