हंटर वाली की छुट्टी, छग बीजेपी में गुटबाजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की भाजपाई राजनीति में भी इन दिनों सियासी बदलाव देखने में आ रहा है। छत्तीसगढ़ की भाजपाई पर कभी हंटर चलाने वाली डी पुरंदेश्वरी को जेपी नड्डा ने हटा दिया है उनके जगह ओम माथुर को छत्तीसगढ़ की कमान सौंपी गई है वही नितिन नबीन सह प्रभारी पद पर बने रहेंगे। पिछले दिनों नड्डा ने प्रदेश में बड़ा बदलाव करते हुए प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को बदल दिया था और अब छत्तीसगढ़ की प्रभारी को बदल दिया। जानकारी यह भी आ रही है कि भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष और महिला मोर्चा की बारी है। पार्टी ने विष्णुदेव साय की जगह अरुण साव सांसद बिलासपुर को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की जगह जांजगीर चांपा के विधायक नारायण चंदेल को नेता प्रतिपक्ष बनाया है।
इन बदलावों को प्रदेश भाजपा में गुटबाजी के चलते एक्शन के तौर पर देखा जा रहा है। जिससे अब प्रदेश में सियासी अटकलों का बाजार एक बार फिर गर्म हो गया है कि भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू और महिला मोर्चा की अध्यक्ष शालिनी राजपूत का नंबर कभी भी लग सकता है। समन्वय बैठक के बाद होंगे कई बदलाव रिपोर्ट के मुताबिक आरएसएस के समन्वय बैठक के बाद प्रदेश भाजपा में बदलाव किये जाने की संभावना जताई जा रही है। जातिगत समीकरण को देखते हुए ओबीसी वर्ग को जिम्मेदारी देने के बाद आदिवासी और सतनामी समाज के नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी देने की भी जानकारी मिल रही है। आदिवासी वर्ग के नेताओं को बड़ा पद दिए जाने की भी अटकलें हैं। जो आरएसएस की समन्वय बैठक के बाद हो सकती है। आरएसएस के चीफ मोहन भगवत इन दिनों रायपुर में ही मीटिंग ले रहे हैं, उनकी मीटिंग के बाद इस पर निर्णय लिया जा सकता है।



