दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या के विरोध में निकली जनाक्रोश रैली, आरोपियों को फांसी देने की मांग..

अंबिकापुर. जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में ग्राम उडुमकेला में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर निर्मम हत्या के विरोध में पीड़ित परिजन संग नगरवासियों ने जनाक्रोश रैली निकाली है। लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम से निकली जनाक्रोश रैली में सैकड़ो लोग हाथों में कैंडल लिए दोषियों को फाँसी देने की माँग करते हुए शहीद भगत सिंह चौक पहुँचे। जहाँ मृतात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने दुष्कर्म के बाद नाबालिग लड़की की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को तत्काल फाँसी देने की माँग की ताकि दोषियों को उनके कर्मों की सजा मिल सके।उन्होंने कहा कि सभ्य समाज के लिए ऐसी घटना एक अभिशाप है जो मानवता को कलंकित कर रहा है। ऐसे घिनौने कृत्य के मामलों में दोषियों को तत्काल सजा मिलनी चाहिए ताकि ऐसी गंदी मानसिकता वाले लोगों के अंदर डर पैदा हो सके। इस दौरान पुलिसया जाँच पर भी लोगों ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि जिस तरह पुलिस ने इस मामले में जाँच प्रक्रिया अपनाई है वो कई सवालों को जन्म देता है। लोगों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की माँग की है। इस जनाक्रोश रैली में विरोध जताने ग्राम उडुमकेला,वंदना,राजापुरखड़गाँव बेलजोरा समेत नगर से काफी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवा शक्ति शामिल हुए थे।



