राजनांदगांव जिला

युवक की चाकू से गोदकर हत्या:पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया गया अंजाम, लहूलुहान युवक को डॉक्टर भी नहीं बचा सके, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर के संगम चौक तुलसीपुर में दिनदहाड़े युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। मृतक युवक अपने पिता के साथ बाइक से चौक में पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी भी वहीं पहुंच गया। फिर दोनों के बीच जमकर झगड़ा शुरु हो गया। तभी आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुरानी रंजिश के चलते हुई हत्या
यह घटना कोतवाली राजनांदगांव अंतर्गत संगम चौक तुलसीपुर की है। जहां हरीश सिंहा (20) की निर्मम हत्या कर दी गई। एडिशनल एसपी प्रज्ञा मेश्राम ने बताया कि उमेश सोनवानी (23) ने इस घटना को अंजाम दिया है। दरअसल मृतक हरीश ने 6 जून 2021 को आरोपी के खिलाफ पुलिस में मारपीट व अन्य मामलों को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद दोनों के बीच आए दिन कहासुनी हुआ करती थी। आरोपी उमेश उसके बाद से रंजिश रखता था।

घटनास्थल पर पुलिस छानबीन करते हुए।
घटनास्थल पर पुलिस छानबीन करते हुए।

कुछ इस तरह से हुई वारदात
रविवार की सुबह करीब 7 बजे जब मृतक हरीश सिंहा अपने पिता के साथ घर से बाइक से निकलकर संगम चौक पहुंच था। पिता और पुत्र चौक में पहुंचे ही थे कि उतने में वहां पर उमेश भी पहुंच गया। उसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरु हो गया। मृतक के पिता ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की। लेकिन उतने में ही आरोपी चाकू लेकर आ गया। फिर उसने हरीश पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जिससे वो घटनास्थल पर ही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। जब घटना की जानकारी पुलिस को दी गई तो मौके पर पहुंचकर घायल को हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से सारे साक्ष्यों को भी इक्कठा करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
संबंधों में आई दरार
पुलिस अधिकारी नरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक हरीश सिंहा कुछ काम नहीं करता था। बस ऐसे ही घूमने फिरने का काम करता था। इस बीच आरोपी उमेश सोनवानी से उसकी जान पहचान हो गई। उमेश राजनांदगांव में ही एबीस दूध की कंपनी में काम करता है। लेकिन पिछले कई महीनों से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। दरअसल मृतक ने उमेश के खिलाफ पुलिस में मारपीट व अन्य मामलों को लेकर रिपोर्ट कराई थी। जिसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।

Related Articles

Back to top button