मिसाइल के धमको से दहला यूक्रेन :

रूसी राष्ट्रपति पुतिन द्वारा सैन्य कार्रवाई के आदेश के बाद से रूस यूक्रेन के खिलाफ और ज्यादा हमलावर हो गया है। ताजा जानकारी के अनुसार रूस की सेना ने जानकारी दी है कि उसने यूक्रेन के सैन्य और हवाई अड्डों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया है।वहीं यूक्रेन की राजधावी कीव और अलग-अलग शहरों में गुरुवार सुबह से ही धमाके हो रहे हैं। यूक्रेन के मंत्रालय ने कहा है कि उसने पांच रूसी विमानों और एक रूसी हेलिकॉप्टर को लुहान्स्क क्षेत्र में मार गिराया है। यूक्रेन ने भी ‘फुल स्केल अटैक’ करार दिया है। वहीं रूस ने कहा कि वह सिर्फ यूक्रेनी सेना के ठिकानों को निशाना बना रहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी मिसाइल हमलों के दावों को खारिज किया है।
यूक्रेन-रूस संकट को लेकर समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी दी है। इसके मुताबिक भारतीय विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए कहा है कि हम तेजी से बदलती स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। भारतीयों, खासकर छात्रों की सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष का विस्तार किया जा रहा है और इसे 24×7 आधार पर चालू किया जा रहा है।



