खैरागढ़ उपचुनाव : जो कभी खैरागढ़ नहीं जाते हैं,अब उन्होने यहां डेरा जमा लिया है

रायपुर। शांत और हरियाली से भरपूर खैरागढ़ इस समय कई राजनैतिक दिग्गजों का गढ़ बन गया है। कांग्रेस-भाजपा के ईसे चेहरे,जो कभी खैरागढ़ नहीं जाते हैं, अब उन्होने यहां डेरा जमा लिया है। गली-मोहल्ले व चौराहों में कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने जहां अपनी मंत्रियों के साथ विधायकों की फौज तैनात कर दी है। वहीं भाजपा के सबसे चर्चित चेहरे वहां अपना पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। सभी का मकसद खैरागढ़ उप चुनाव को जीतना है। इसका नतीजा जो भी हो, लेकिन वर्ष २०२३ में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर खैरागढ़ का उप चुनाव सेमीफाइल का मैच बनता नजर आ रहा है।
कांग्रेस ने इनको दी जिम्मेदारी
कांग्रेस ने चुनाव संचालन समिति में मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री कवासी लखमा, राज्य पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी को जिम्मेदारी दी गई। वहीं चुनाव अभियान समिति का संयोजक मंत्री ताम्रध्वज साहू को बनाया गया है। इस समिति में धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा सदस्य, सांसद छाया वर्मा सहित अन्य दिग्गजों को शामिल किया गया है।
भाजपा ने इनको दी जिम्मेदारी
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह स्वयं यह मोर्चा संभाले हैं। खैरागढ़ शहर की जिम्मेदारी वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को दी गई है। भाजपा ने खैरागढ़ को पांच मंडल में बांटा है। छुईखदान मंडल की जिम्मेदारी नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, खैरागढ़ ग्रामीण में राजेश मूणत, गंडई में शिवरतन शर्मा, साल्हेवारा की जिम्मदारी पूर्व मंत्री केदार कश्यप को सौंपी गई है।
बैठकों और प्रचार का दौर जारी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा नीलांबर वर्मा के पक्ष में ग्राम मड़ौदा, राहुद, सलोनी अमलीडीह, डोकराभाटा चुनाव प्रचार किया और कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं भाजपा के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य नेताओं ने बैठककर कार्यकर्ताओं को कांग्रेसी की कमजोरी बनाई और उनमें उत्साह का संचार किया।



