राजनांदगांव जिला

लालच में ली जान:पत्नी ने दी पति के तीन दोस्तों को सुपारी, पार्टी के बहाने ले जाकर पिलाई खूब शराब फिर रेता गला

  • शराबी पति को सबक सिखाने कानून का लेती सहारा तो ये नौबत नहीं आती, पत्नी अब जेल में, बच्चे बेसहारा
  • खुलासा: शराबी पति से तंग पत्नी ने एक लाख रुपए में की हत्या की डीलिंग

सुरगी में रेत में दबे मिले धनेश साहू की लाश का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। धनेश का गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद आरोपियों ने उसका शव डैम में फेंक दिया था। पूरे मामले में पुलिस ने मृतक धनेश की पत्नी सुरमित बाई (34) सहित धनेश के तीन दोस्तों धर्मेंद्र उर्फ बालू (21), उपेंद्र साहू (24) और अनिल ढीमर (38) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों ने धनेश की हत्या की थी, जबकि उसकी पत्नी पूरे वारदात की मास्टर माइंड निकली है।

कोटराभाठा में रहने वाले 38 वर्षीय धनेश साहू आदतन शराबी था। वह रोज शराब पीकर नशे में घर पहुंचता था, इसके बाद अपनी पत्नी और बच्चों से जमकर मारपीट करता था। धनेश की पत्नी सुरमित बाई इसी से तंग आ गई थी। वह लंबे समय से धनेश की हत्या की योजना बना रही थी, पकड़े गए तीन आरोपी भी धनेश के साथ शराब पीते थे। इससे उसकी पत्नी तंग आ गई थी।

तीनों का धनेश के घर भी आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान सुरमित बाई ने उनसे धनेश की हत्या करने की बात कही। इसके एवज में सुरमित ने उन्हें एक लाख रुपए देने की बात कही। तीनों आरोपी रुपए के लालच में आ गए। सात हजार एडवांस लिया और पूरे वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सुरगी की नर्सरी के पास दिया घटना को अंजाम

धर्मेंद्र, उपेंद्र और अनिल ने 1 अगस्त की रात धनेश को शराब पार्टी देने की बात कहकर बुलाया। तीनों धनेश को सुरगी की नर्सरी की ओर ले गए। नर्सरी के पास डंप रेत में बैठकर तीनों ने पहले जमकर शराब पी। धनेश जैसे ही नशे में धुत्त हुआ, तीनों आरोपियों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसका गला भी चाकू से रेत दिया। धनेश ने जैसे ही दम तोड़ा, तीनों आरोपियों ने उसकी लाश को डंप रेत में ही दबा दिया।

हादसा बताने डैम में फेंकी बाइक, बाहर रखी चप्पल

मामले को उलझाने के लिए तीनों आरोपी धनेश की बाइक लेकर भर्रेगांव आ गए, जहां डैम में बाइक को फेंक दिया। डैम के किनारे ही धनेश की चप्पल भी रख दी। ताकि लोगों को लगे कि धनेश डैम में डूब गया या कूदकर आत्महत्या कर ली । 2 अगस्त की सुबह डैम में बाइक दिखते ही सभी को यही लगा। बाइक सवार के डूबे होने की आशंका में पुलिस करीब तीन घंटे तक डैम में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाती रही।

बच्चों ने शराब छोड़ने दी थी समझाइश

​​​​​​​धनेश कोटरा भाठा में खेती किसानी करता था। उसके दो बच्चे भी हैं, जिसमें बेटी 16 साल और बेटा 14 साल का है। धनेश के शराब के नशे में घर आने और मारपीट करने से उनके बच्चे भी परेशान थे। बच्चों ने शराब छोड़ने की समझाइश दी थी।

भतीजे ने रात में नर्सरी की ओर जाते हुए देखा

धनेश के डैम में डूब जाने की खबर जब गांव में फैली और भर्रेगांव डैम में भीड़ जुटी तभी वहां धनेश का भतीजा भी मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि धनेश को 1 अगस्त की रात में सुरगी के नर्सरी के तरफ जाते देखा, वहां शराब पीते वक्त हो रही बातचीत की आवाज भी सुनी थी।

इसके बाद सुरगी पुलिस की टीम नर्सरी के आसपास पतासाजी करने पहुंची, यहीं रेत में दबे धनेश के शव का पंजा पुलिस को दिखा। शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पता चला कि धनेश शराब पीने धर्मेंद्र, उपेंद्र और अनिल के साथ गया था। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

Related Articles

Back to top button