किराया 25 फीसदी बढ़ाने को मंजूरी:महंगा हुआ बस का सफर, अब रायपुर के लिए 500 नहीं 625 रुपए देने होंगे

- सरकार ने बसों में यात्री किराया 25 फीसदी बढ़ाने को मंजूरी दी
रविवार रात को बस ऑपरेटरों की सरकार के साथ बैठक के बाद 25 फीसदी किराया बढ़ोतरी पर सहमति बनी है। ऑपरेटर 40 फीसदी तक किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। अब सरकारी की सहमति के बाद रायगढ़ से रायपुर, पत्थलगांव, जशपुर और रांची का सफर महंगा होगा। इसके साथ ही बस के हर रूट का किराया बढ़ेगा।
कोरोना में मंदी की मार और फिर डीजल की कीमतें बढ़ने के कारण जिले के साथ ही राज्यभर के बस ऑपरेटर यात्री किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इसके बाद भाड़ा बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था। ऑपरेटरों की दलील थी कि कोरोना संक्रमण के बाद डीजल का भाव 97 रुपए तक पहुंच गया है । पांच वर्ष में ईंधन 50 प्रतिशत से ज्यादा महंगे हो गए लेकिन बसों का किराया नहीं बढ़ाया गया था। जिले में करीब 300 बसे चलती है। घरघोड़ा, तमनार, सारंगढ़, लैलूंगा, धरमजयगढ़ में सड़क रूट से बसों से ही लोगों को जाना पड़ता है, इससे यात्री भाड़ा बढ़ने से यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी।
रेल यात्रियों की मुश्किलें भी अभी कम नहीं
बस यात्रियों को डीजल के महंगे होने के कारण सफर के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी जबकि रेल यात्री भी कोरोना लॉकडाउन के बाद शुरू हुई ट्रेनों में ज्यादा किराया देते आ रहे हैं। स्पेशल ट्रेनों के नाम पर चल रही है ट्रेनों में अभी भी रेलवे ने किराया सामान्य नहीं किया है। रेल यात्री भी सामान्य से डेढ़ गुना अधिक किराया देकर सफर कर रहे हैं।
अनलॉक के बाद से ही यात्रियों से वसूल रहे थे डेढ़ से दो गुना किराया
बस ऑपरेटर संघ के सचिव राम प्रसिद्ध सिंह ने बताया कि जिले में 250 बसें हैं, शहर में ही 100 से ज्यादा बसें चलती है। ओडिशा, झारखण्ड, बिहार के अलावा जिले के भीतर और दूसरे जिलों के लिए बसें चलती हैं। हर दिन 17 हजार से अधिक लोग बसों में सफर करते हैं। यात्री किराया बढ़ने का सीधा असर इन लोगों पर पड़ेगा। हालांकि कोरोना अनलॉक के बाद डिस्टेंसिंग और यात्री क्षमता से 50 फीसदी सवारी जैसे नियमों के बाद बस ऑपरेटर अघोषित रूप से यात्रियों से दोगुना किराया वसूल रहे थे। ट्रेनें नहीं होने या रिजर्वेशन में मुश्किल के कारण लोग मजबूरी में सफर कर रहे थे। जशपुर के लिए भाड़ा 250 रुपए है लेकिन अभी 400 रुपए वसूला जा रहा है। अंबिकापुर का किराया 300 रुपए है लेकिन यात्रियों से अभी 400-500 रुपए तक वसूले जा रहे हैं।



