पैसे को चार गुना करने का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, सभी 4 आरोपी गिरफ्तार

21 अगस्त 2021. बालोद । तांत्रिक बाबा बनकर पैसे चार गुना करने का झांसा देकर धमतरी जिले के खरतुली निवासी तरूण साहू से 10 लाख रुपए कीे धोखाधड़ी की गई। मामले में गुरूर ब्लॉक के ग्राम कोसागोंदी निवासी राजू सेन उर्फ झुनेंद्र(31) और मनीष वर्मा उर्फ यादव बाबा(30) निवासी शिवपुरी चौकी मोहारा को अर्जुनी धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
आरोपी राजू सेन उर्फ झुनेंद्र को किलेपार से हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ किया। तब बताया कि धोखाधड़ी के बाद बंटवारे में 2.50 लाख रुपए मिला। हालांकि पुलिस को उनके कब्जे से 60 हजार रुपए ही मिल पाया। आरोपी राजू थाना गुंडरदेही में पंजीबद्ध एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है।
कुल चार आरोपियों में बालोद जिले के दो शामिल है। धमतरी पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने 27 जुलाई को लिखित आवेदन कर सूचना दी थी कि बालोद जिले के अर्जुंदा थाना अंतर्गत ग्राम परसतराई निवासी संतोष विश्वकर्मा अपने साथी संतराम जोशी व यादव नामक बाबा के साथ मिलकर षडयंत्र पूर्वक रकम को चौगुना करने का लालच देकर डेमो दिखाया फिर 24 जुलाई को तीनों उसके घर में पैसा चार गुना करने का लालच दिया और 10 लाख रुपए को काले रंग के कपड़े में बांधकर फरार हो गए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकारा
संतोष विश्वकर्मा, संतराम जोशी तथा यादव नामक बाबा के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी संतोष विश्वकर्मा व संतराम जोशी ने पूछताछ में तथाकथित बाबा के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया। सुनियोजित ढंग से धोखाधड़ी कर प्राप्त रकम को आपस में बंटवारा करने की प्लानिंग बनाई थी। लेकिन यादव बाबा पूरे पैसे को लेकर भाग गया तथा उसका मोबाइल भी बंद मिला।



