सुविधा:धरमजयगढ़ की रेल लाइन को देखने पहुंचे कलेक्टर बोले, पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए रेलवे को लिखेंगे पत्र

- डबल लाइन और नए प्लेटफॉर्म निर्माण से जुड़े कार्यों का भी लिया जायजा
बुधवार को रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर भीम सिंह ने कहा कि धरमजयगढ़वासियों की परेशानियों को देखते हुए वे धरमजयगढ़ लाइन पर पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए वे रेलवे को पत्र लिखेंगे ताकि सर्वे के बाद यहां के लोगों को इसकी सुविधा मिल सके।
कलेक्टर भीम सिंह ने बुधवार को खरसिया से धरमजयगढ़ तक रेल मार्ग से सफर कर कोल परिवहन के लिए तैयार ट्रैक का इंस्पेक्शन किया। इस दौरान निर्माण के प्रभारी अधिकारियों ने उन्हें ट्रैक के संबंध में पूरी जानकारी दी। बताया कि कोल परिवहन के लिए कारीछापर स्टेशन से खरसिया तक पहले एक लाइन थी, जिसे विस्तार कर डबल लाइन तैयार किया जा रहा है। इसका काम अगले 6 महीने में पूरा हो जाएगा। कलेक्टर सिंह ने कहा कि इस मार्ग पर कोयला परिवहन किया जा रहा है। पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखकर सर्वे कराने की पहल की जाएगी, जिससे धरमजयगढ़ क्षेत्र के लोगों को आवागमन के लिए पैसेंजर ट्रेन की सुविधा मिल सके।
74 किलोमीटर टावर वैगन में किया सफर
कलेक्टर ने खरसिया स्टेशन से टावर वैगन से धरमजयगढ़ तक का 74 किलोमीटर का सफर किया। इस दौरान रास्ते में पडऩे वाले गुरदा, छाल, घरघोड़ा, कारिछापर, कुडुमकेला और धरमजयगढ़ स्टेशनों में प्लेटफॉर्म की सुविधाएं देखी। उन्होंने कारिछापर स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां के प्लेटफॉर्म और फुट ओवर ब्रिज को देखा। इस स्टेशन से कोल रैक में लोडिंग की जाती है, उसका भी उन्होंने निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म में भी सुविधा की व्यवस्था हो रही है।



