डीएम बोले- ज्यादा से ज्यादा करे वोट, इससे लोकतंत्र को मिलती है मजबूती

पीलीभीत में लोगों को जागरूक करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम पुलकित खरे ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव में अधिक से अधिक वोट करना जरूरी है।
18 साल की उम्र पूरी कर चुके छात्र-छात्रा बनवाए वोटर कार्ड
जिले में स्प्रिंगडेल कालेज में स्वीप योजना के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें कालेज के छात्र-छात्राओं व अध्यापकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य है कि हम सभी लोग अपने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक मताधिकार का प्रयोग करें। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अपना वोटर कार्ड बनवाएं।
बच्चे ने प्रस्तुत किया नुक्कड़ नाटक
हमारे संविधान ने वोट देने की शक्ति प्रदान की है। अपने वोट के माध्यम से अपने क्षेत्र का विकास करने वाले अच्छे ईमानदार जनप्रतिनिधियों का चयन करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सभी को मतदाता शपथ दिलाई। इस अवसर पर छात्र- छात्राओं द्वारा नुक्कड नाटक, स्लोगन, पेंटिग, गीत के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया



