भारत के टॉप डॉक्टर्स का दावा:ओमिक्रॉन नेचुरल वैक्सीन की तरह है, इससे कोरोना के खिलाफ लोगों की इम्यूनिटी बढ़ना तय

देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच भारत के टॉप हेल्थ एक्स्पर्ट्स ने कहा है कि नया वैरिएंट कोरोना की नेचुरल वैक्सीन की तरह काम करता है। इसका कारण- मरीजों में माइल्ड या कोई लक्षण न होना है। ओमिक्रॉन से संक्रमित होने पर लोग गंभीर रूप से बीमार नहीं होते और वायरस के खिलाफ शरीर में एंटीबॉडीज बन जाती हैं। इम्यूनोलॉजिस्ट डॉ. गोवर्धन दास के मुताबिक, ओमिक्रॉन डेल्टा का ही माइल्ड रूप है। भले ही इस वैरिएंट में म्यूटेशन्स ज्यादा हैं, लेकिन ये बहुत ही कम लोगों को अस्पताल पहुंचा रहा है।
ओमिक्रॉन वैक्सीन की तरह असरदार
आउटलुक मैगजीन से बात करते हुए जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और प्रख्यात इम्यूनोलॉजिस्ट डॉ. गोवर्धन दास ने बताया कि उन्हें विश्वास है कि ओमिक्रॉन कोरोना की नेचुरल वैक्सीन है। उनके अनुसार समय के साथ-साथ वायरस कमजोर हो गया है। आज वैज्ञानिक इसी तरह के वायरस का इस्तेमाल कर वैक्सीन का निर्माण करते हैं। इसमें वायरस के कमजोर रूप को लोगों में इंजेक्ट किया जाता है, जिससे उनके शरीर में एंटीबॉडी बनती है।
डॉ. दास के अनुसार ओमिक्रॉन के ढेर सारे म्यूटेशन इंसान के शरीर के लिए अच्छे हैं। वे मानते हैं कि हम जितना ज्यादा वायरस से लड़ेंगे, हमारा इम्यून सिस्टम कोरोना के खिलाफ उतना मजबूत होगा। डॉ. दास कहते हैं कि ओमिक्रॉन इस समय कोरोना के लिए उपलब्ध सबसे कारगर वैक्सीन है।
ओमिक्रॉन खतरनाक नहीं, फिर भी सतर्कता बरतना जरूरी
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के वैज्ञानिक डॉ. एन.के. मेहरा के अनुसार, ओमिक्रॉन हमारे लिए वरदान साबित हो सकता है। हालांकि इस वैरिएंट से हर देश में एक जैसा संक्रमण होता है या नहीं, ये देखना अभी बाकी है। डॉ. मेहरा कहते हैं कि स्थिति चाहे जो भी हो, हमें कोरोना प्रोटोकॉल फॉलो करना जरूरी है। यह इसलिए क्योंकि यदि मरीजों की संख्या बढ़ती है, तो देश का हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर फिर मुसीबत में आ जाएगा।
ओमिक्रॉन की नेचुरल वैक्सीन गरीब देशों के लिए फायदेमंद
मैक्स हेल्थकेयर के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुधिराजा भी ओमिक्रॉन के नेचुरल वैक्सीन की तरह काम करने के तर्क से सहमत हैं। उनका कहना है कि ओमिक्रॉन का कमजोर होना उन गरीब देशों के लिए अच्छा है, जहां वैक्सीनेशन न के बराबर हो रहा है।
उनके मुताबिक, ये वैरिएंट कम लक्षणों के साथ ज्यादा लोगों को संक्रमित करेगा, जिससे आबादी का बड़ा हिस्सा वायरस के खिलाफ इम्यून हो जाएगा। डॉ. बुधिराजा का मानना है कि अभी अलग-अलग देशों के डेटा को एनालाइज करना जरूरी है।
नेचर के अनुकूल ढल रहा कोरोना वायरस
पुणे के डीवाय पाटिल मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. अमिताव बनर्जी के अनुसार वायरस नेचर में जीवित रहने के लिए उसके अनुकूल ढल जाते हैं। कोरोना वायरस के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। ये नए वैरिएंट के रूप में ज्यादा संक्रामक तो है, लेकिन नेचर के अनुकूल कमजोर भी है। डॉ. बनर्जी का कहना है कि जानलेवा वायरस एक व्यक्ति को संक्रमित कर उसी के साथ मर जाता है, मगर उसका माइल्ड वैरिएंट नेचर में जिंदा रहकर तेजी से फैलता है और लोगों की इम्यूनिटी बूस्ट करता है।



