रायगढ जिला

स्टूडेंट्स सड़क पर उतरे:रैली निकाल स्टूडेंट्स बोले नटवर स्कूल में पुरानी व्यवस्था लागू रखें

  • डीईओ: हिंदी मीडियम की पढ़ाई होगी सिर्फ शिक्षकों का सेटअप ही बदला है
  • हिंदी मीडियम नटवर स्कूल में इंग्लिश मीडियम आत्मानंद स्कूल खोलने के विरोध में सड़क पर उतरे स्टूडेंट्स

हिंदी मीडियम नटवर स्कूल में इंग्लिश मीडियम आत्मानंद स्कूल खोलने से पुराने स्टूडेंट्स को अगले साल दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने की आशंका सता रही है। इस पर अपना विरोध जताने के लिए शुक्रवार की सुबह स्टूडेंट्स सड़क पर उतरे और रैली निकालकर नारेबाजी की।

रैली विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए नगर स्कूल पहुंची जहां उन्होंने शिक्षकों को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा और नटवर स्कूल को पहले की तरह संचालित करने की मांग की। नटवर स्कूल के मैदान में छात्र नेता और स्टूडेंट्स ने हंगामा किया तो उन्हें समझाइश देने के लिए तहसीलदार और कोतवाली पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। शिक्षा विभाग के अनुसार नटवर स्कूल भवन आत्मानंद स्कूल खुलने से वहां का सेटअप बदलेगा। नए सेटअप के अनुसार स्कूल के पुराने शिक्षक अतिशेष हो जाएंगे और उन्हें दूसरे स्कूलों पोस्टिंग दी जाएगी। वे प्रतिनियुक्ति में दूसरे स्कूल नहीं जाना चाहते है। इसलिए वो भी नटवर स्कूल बिल्डिंग में आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने का विरोध कर रहे है।

समर्थन देने के लिए रैली में शामिल हुए भाजपा और एबीवीपी के पदाधिकारी
राजनीतिक दल के सपोर्ट में सरकारी स्कूल के स्टूडेंट्स ने पहली बार रैली निकाली। इसमें हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल के स्टूडेंट्स विरोध में आए। शिक्षकों कहना है कि स्कूल को पूरी तरह से आत्मानंद स्कूल बनाया जा रहा है। इससे पुराने स्टाफ को हटाए जाने का डर उन्हें सता रहा है क्योंकि अब आत्मानंद और नटवर हाईस्कूल में 43 शिक्षकों का ही सेटअप रहेगा।

40 में सिर्फ एक शिक्षक ने आत्मानंद में प्रतिनियुक्ति के लिए िदया आवेदन
नटवर स्कूल में अभी 40 शिक्षक है, सिर्फ एक शिक्षक ने प्रतिनियुक्ति में जाने के लिए आवेदन किया है। नटवर स्कूल के प्राचार्य विनोद राठिया ने बताया कि मीडिल, हाईस्कूल, हायर सेकंडरी स्कूल में करीब 40 शिक्षक और स्टॉफ है। उसमें से सिर्फ एक ने ही आत्मानंद स्कूल में जाने के लिए आवेदन दिया है। बाकी कोई भी नए सेटअप में शामिल नहीं होना चाहता। डीईओ के अनुसार ऐसे अतिशेष या दूसरे शिक्षक जो आत्मानंद में नहीं जाना चाहते हैं, उनकी पोस्टिंग दूसरे स्कूलों में की जाएगी। गणित, जीवविज्ञान सहित कुछ विषयों में ही हिन्दी माध्यम शिक्षक ही पढ़ाएंगे। हिन्दी मीडियम स्कूल के बाकी सब्जेक्ट्स आत्मानंद स्कूल में नियुक्त शिक्षक ही पढ़ाएंगे। इसलिए शिक्षक भी इसका विरोध कर रहे हैं।

43 स्टाफ कैसे संभालेंगे दोनों स्कूल : शिक्षक
शिक्षकों की दलील हैं कि हिन्दी और अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षा देने के लिए सिर्फ 43 शिक्षकों को सेटअप है। ऐसे में नटवर स्कूल के हिन्दी माध्यम स्कूल में ही हाईस्कूल और हायर सेकंडरी के 907 स्टूडेंट्स को शिक्षा देने में परेशानी होगी। यही बात स्टूडेंट्स भी बोल रहे हैं कि अंग्रेजी माध्यम के शिक्षक हमें कैसे पढ़ाएंगे।

स्कूल का नाम नहीं बदलेगा: डीईओ
छात्रों के रैली निकालने की सूचना मिलने पर डीईओ ने विज्ञप्ति जारीकर कहा कि नटवर स्कूल का नाम नहीं बदलेगा। पुराने स्टूडेंट्स स्कूल में पढ़ते ही रहेंगे। इंग्लिश मीडियम स्कूल में हिन्दी मीडियम के शिक्षक सहित 43 का सेटअप शासन ने तय किया है। इसके तहत पूर्व में संस्थानों में कार्यरत हिन्दी माध्यम के स्टॉफ से इंग्लिश मीडियम स्कूल सेटअप में कार्य करने की सहमति मांगी गई है जो सहमति देगा, वही हिन्दी माध्यम के शिक्षकों को पढ़ाएंगे। हिंदी मीडियम का स्कूल बंद नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button