कोरोना महामारी के दौर में भी पीएम मोदी ने देश को दिखाई नई राह: नड्डा

- पिछले एक साल में सरकार ने अकल्पनीय चुनौतियों का किया सामना
- कोरोना महामारी के इस मुश्किल दौर में भी पीएम मोदी ने दिखाई राह
मोदी 2.0 के एक साल पूरे होने पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यह सफर काफी चुनौतियों वाला था. पिछले एक साल के दौरान हमारी सरकार ने अकल्पनीय चुनौतियों का सामना किया. वहीं कोरोना महामारी के इस मुश्किल दौर में भी पीएम मोदी ने सामने से नेतृत्व संभालते हुए देश को सही दिशा में आगे बढ़ाया.
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि लॉकडाउन की शुरुआत में भारत की कोरोना टेस्ट की क्षमता सिर्फ 10,000 टेस्ट प्रतिदिन थी, जो आज बढ़कर 1.60 लाख टेस्ट प्रतिदिन हो गई है. शुरुआत में पीपीएई किट्स की कमी थी लेकिन आज देश में करीब 4.50 लाख पीपीई किट्स प्रतिदिन बन रहे हैं. करीब 58,000 वेंटिलेटर्स देश में बन रहे हैं. ये है आत्मनिर्भर भारत की पहचान.
उन्होंने कहा, भारत ने इस संकट में खुद को संभाला है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम आत्मनिर्भर भारत की ओर आगे बढ़ रहे हैं. स्वदेशी और स्वावलंबन के मंत्र को लेकर हम आज आगे बढ़ रहे हैं.
पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि यह कार्यकाल अपने कड़े एवं बड़े फैसलों के लिए जाना जाएगा जिन्होंने देश की शक्ल-ओ-सूरत बदल दी. नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी दूरदर्शी नीतियों, निष्ठा और टीम भारत की भावना से देश के लोकतंत्र को नयी दिशा दी है और लोगों के कल्याण तथा देश का हित सरकार के प्रत्येक निर्णय में दिखता है.
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के अन्य सदस्यों को सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर बधाई देता हूं.’
उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार का यह वर्ष कई उपलब्धियों से भरा हुआ है. मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह पहला साल अपने सख्त एवं बड़े फैसलों के लिए तथा चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए जाना जाएगा.’
उन्होंने कहा, ‘मोदी ने ऐसे फैसले लागू किए जिनकी दशकों से प्रतीक्षा हो रही थी. इन फैसलों ने देश का चेहरा बदल दिया.’
वहीं पिछले एक साल में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान लिए गए बड़े फैसलों को लेकर बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी इच्छाशक्ति की वजह से आर्टिकल 370 में संशोधन किया और जम्मू-कश्मीर के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया. लद्दाख का इलाका हमेशा से इग्नोर्ड था लेकिन इस फैसले से उन्हें काफी फायदा हुआ.
नड्डा ने आगे कहा, वहीं सीएए को लेकर बात करें तो अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान में पीड़ित हिंदू भाइयों को नागरिकता देने का महत्वपूर्ण काम किया. इसके अलावा मुस्लिम बहनों के लिए तीन तलाक कानून लेकर आए. जिससे कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा मिल सके.



