दुष्कर्म करने वाले आरोपी को 10 साल की कैद

02 नवम्बर 2021| बेमेतरा प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायालय (एफटीसी) ने दुष्कर्म के दो साल पुराने मामले में दोषी को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी पर अर्थदंड भी लगाया है। मामला नवागढ़ थाने का है। बताया जाता है कि 27 मई 2019 की रात थाना नवागढ़ पहुंची पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति ड्राइवर का काम करता है।
वह उसी काम से ओडिशा गया था। पीड़िता 26 मई को रात में घर में अकेली सोई थी, तभी रात लगभग 11 बजे गांव का चिंटू सतनामी घर की बाड़ी की ओर से घर में घुस आया। उसने पीड़िता से दुष्कर्म किया। इसके साथ ही उसने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी और भाग गया।
इसके बाद पीड़िता ने अपने पति को घटना की जानकारी फोन से दी। पति के ओडिशा से वापस आने के बाद घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 456, 506 व 376 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच के बाद अभियोग पत्र कोर्ट में प्रस्तुत किया।



