मोपेड सवार दंपती को ट्रक ने मारी टक्कर, पहिए के नीचे आ गई महिला, मौके पर मौत

01 नवम्बर 2021| भिलाई साक्षरता चौक के सामने मजार के पास बने कट पर रोंग साइड आ रहे मोपेड सवार दंपती ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में पीछे बैठी महिला की पहिए के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में महिला के पति को मामूली चोट लगी है। पुलिस ने महिला के शव को सुपेला मर्चूरी में रखवा दिया है। छावनी पुलिस ने मर्ग कायम करके ट्रक को जब्त कर लिया है।
रविवार को महिला का पीएम कराया जाएगा। इसके बाद पुलिस ट्रक के चालक के खिलाफ कार्रवाई करेगी। छावनी पुलिस के मुताबिक घटना शाम करीब साढ़े 6 बजे की है। दुर्घटना में 53 वर्षीय मालती देवी पति राजेंद्र प्रसाद निवासी शारदा कैंप 2 की मौत हो गई है। यातायात हाइवे पेट्रोलिंग के आरक्षक सूर्या सिंह के मुताबिक दंपती छावनी की तरफ से हाइवे पर आ रहे थे। कटिंग के पास लगी रेलिंग के समीप दंपती मोपेड से दुर्ग की तरफ जाने वाले सड़क पर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ओडिशा पासिंग ट्रक ओडी 18 बी 6667 के दंपती की गाड़ी को ठोकर मार दी। इससे मोपेड पर पीछे बैठी महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गई। पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दंपती राजनांदगांव जा रहे थे। आसपास के लोगों ने बताया कि यह जगह काफी खतरनाक हो गई है। यहां ट्रैफिक जवान भी तैनात नहीं रहते।



