छत्तीसगढ़ विशेषरायपुर जिलास्वास्थ्य

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नये योजनाओं की शुभारंभ…

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यलय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धन्वन्तरी जेनरिक मेडिकल स्टोर योजना का शुभारंभ किया

कवर्धा, 20 अक्टूबर 2021। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यलय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए श्री धन्वन्तरी जेनरिक मेडिकल स्टोर योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य में 84 दुकानों का शुभारंभ मुख्यमंत्री बघेल ने किया। धन्वन्तरी जेनरिक मेडिकल स्टोर्स से उपभोक्ताओं को सस्ती दर पर गुणवत्तापूर्ण दवाईयां उपलब्ध होगी। उपभोक्ताओं को दवाइयों की एमआरपी पर न्यूनतम 50.09 प्रतिशत और अधिकतम 71 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेम साय सिंह टेकाम, विधायक मोहन मरकाम, श्री मोहित राम केरकेट्टा और पुरुषोत्तम कंवर, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती अलरमेलमंगई डी, राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौमिल रंजन चौबे  उपस्थित थे। कबीरधाम जिले के कवर्धा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत शहीद भगत सिंह काम्प्लेक्स, कोर्ट रोड जिला अस्पताल के पास में धन्वन्तरी जेनरिक मेडिकल स्टोर का आज वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा शुभारंभ किया गया। शुभारंभ के दौरान कवर्धा में कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि शर्मा, उपाध्यक्ष जमील खान, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष महेन्द्र कुंभकार, पाण्डातराई नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान, पार्षद मोहित महेश्वरी, प्रमोद लूनिया, भीखम कोसले, सुनील साहू, एल्डरमेन दलजीत पाहुजा, कौशल कौशिक, नगर पालिका सीएमओ नरेश वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके मंडल सहित समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दवाइयों के होम किट और ट्रैवल किट का लोकार्पण भी किया। यह किट श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर में विक्रय के लिए उपलब्ध होंगे। दवाइयों के होम किट की कीमत 691 रुपये है, जो इन मेडिकल स्टोर में 290 रुपये के मूल्य पर तथा ट्रेवल किट जिसकी कीमत 311 रुपये है, वह 130 रुपये में उपलब्ध होगा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा संचालित इस योजना में आने वाले समय में प्रदेश के 169 शहरों में 190 मेडिकल स्टोर्स प्रारंभ करने की योजना है। इन मेडिकल स्टोर्स में 251 प्रकार की जेनरिक दवाइयां तथा 27 सर्जिकल उत्पाद की बिक्री अनिवार्य होगी। इसके अलावा वन विभाग के संजीवनी के उत्पाद, सौंदर्य प्रसाधन उत्पाद और शिशु आहार आदि का भी विक्रय किया जाएगा। इन मेडिकल स्टोरों से मिलने वाली जेनेरिक दवाइयां 20 ब्रांडेड कंपनी की होंगी, जो सस्ती होने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण भी होंगीं।

Related Articles

Back to top button