रायपुर जिला

विधायक शैलेष पांडे विवाद पर PCC चीफ का बयान:मोहन मरकाम ने कहा- सीधे किसी को फांसी नहीं चढ़ा सकते, नोटिस देंगे, जांच होगी फिर कार्रवाई करेंगे

बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी और विधायक शैलेष पांडे के बीच जारी घमासान पर अब प्रदेश कांग्रेस का रुख सामने आया है। इस मुद्दे पर पार्टी के प्रदेश प्रमुख मोहन मरकाम ने कहा है कि इस मामले में किसी को सीधे फांसी तो नहीं चढ़ा सकते न, हमारे पास जब शिकायत आएगी हम नोटिस भेजेंगे, जवाब मांगेंगे, जरूरत पड़ी तो जांच कमेटी बनाएंगे फिर जो उचित होगा कार्रवाई करेंगे। मुझे मीडिया के माध्यम से पता चला है कि बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने विधायक शैलेष पांडे को पार्टी से निकालने का प्रस्ताव पारित किया है। मुझ तक शिकायत आएगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल गुरुवार की शाम सामने आई खबर ने प्रदेश में सियासी खलबली मचा दी थी। बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी लाइन से बाहर जाकर बयानबाजी करने की वजह से बिलासपुर से कांग्रेस पार्टी के ही विधायक शैलेष पांडे को पार्टी से 6 साल के लिए निकालने का प्रस्ताव पारित कर दिया था। इसे अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा। विधायक पार्टी में रहेंगे या बाहर होंगे ये फैसला प्रदेश कांग्रेस कमेटी को ही करना है।

बुधवार को विधायक शैलेष पांडे ने अपने बयान में कहा था कि मैं मंत्री सिंहदेव का आदमी हूं, इसलिए जानबूझकर हम पर केस किया जा रहा है। असल में कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता और मंत्री सिंहदेव के समर्थक माने जाने वाले पंकज सिंह ने सिम्स अस्पताल के कर्मचारियों के साथ हाथापाई की थी। इस मामले में बिलासपुर की पुलिस ने पंकज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। इसी मामले पर बयान देते हुए विधायक शैलेष पांडे मामले को मंत्री सिंहदेव से जोड़ते हुए बयान दिया था।

पार्टी में खेमेबाजी पर भी बोले मरकाम
रायपुर में प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में मीडिया से बात करते हुए मोहन मरकाम ने कहा कि मुझसे पूछा गया था मैं किसके साथ हूं। पार्टी में कोई खेमेबाजी नहीं है। मैं संगठन के साथ हूं। संगठन की भूमिका पालक की भूमिका होती है। हम चाहे मुख्यमंत्री हो या आम कार्यकर्ता सभी को बराबर महत्व देने का काम करते हैं। हम संगठन के लिए हाईकमान के निर्देश पर काम करते हैं।

बयान पर काबू रखने जारी होगा निर्देश
बिलासपुर में उपजे विवाद को लेकर मोहन मरकाम ने आगे कहा कि वहां जो भी घटना हुई वो दुखद है ऐसा होना नहीं चाहिए। पुलिस ने भी केस दर्ज किया है पुलिस जांच करके अपना काम करेगी। विधायक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मोहन मरकाम ने कहा कि बड़बोलापन की वजह से कभी कभी भारी पड़ जाता है। हम सभी पार्टी के अनुशासन में बंधे हैं। इस तरह से सार्वजनिक बयानबाजी से पार्टी की छवि धूमिल होती है। हम चाहे पार्टी के पदाधिकारी हों या चुने हुए जन प्रतिनिधी सभी से संयम के साथ बात करने को निर्देशित करेंगे।

दिसंबर तक 23 हजार से अधिक बूथ तैयार करेगी कांग्रेस
अपने प्रदेश दौरे के बारे में मोहन मरकाम ने बताया कि प्रदेश में 23 हजार 733 बूथों का पुर्नगठन करने पर काम हो रहा है। हम लगातार हर इलाके में बूथ कमेटी बना रहे हैं। कोरिया जिले में भी संगठन के विस्तार का काम हो रहा है। हमारा लक्ष्य है कि दिसंबर तक सभी बूथ कमेटियां बनें। इसके बाद प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को मिशन 2023 के लिए तैयार किया जाएगा। हम आगामी चुनावों में मजबूती के साथ खड़े रहें यह हमारा प्रयास है। यह संगठन की सतत चलने वाली प्रक्रिया है।

Related Articles

Back to top button