रायगढ जिला

मेडिकल कॉलेज की छत से गिरा प्लास्टर:महिला वार्ड में भर्ती मरीज सहित 3 घायल, किसी का सिर फूटा, किसी की टांग टूटी; 8 साल से मेंटेनेंस के लिए बजट का इंतजार रायगढ़एक घंटा पहले

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के महिला वार्ड में बुधवार सुबह छत का प्लास्टर टूट कर गिर पड़ा। एक मरीज और 2 अटेंडेंट घायल हो गए। किसी का सिर फूट गया है, तो किसी की टांग टूटी है। हादसे के बाद सभी मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। दुर्घटना के समय वार्ड में 10 मरीज भर्ती थीं। वहीं, प्रबंधन का कहना है कि उन्हें बजट का इंतजार है। 8 साल से अस्पताल का मेंटेनेंस नहीं हुआ है।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुबह करीब 5 बजे हादसा हुआ है। उस समय ज्यादातर मरीज और उनके अटेंडेंट सो रहे थे। हादसे में सरौनी निवासी पुष्पा (30) के चेहरे और सिर पर चोट आई। उसकी दीदी राममति को वायरल होने के चलते भर्ती है। राममति के भी चेहरे पर चोटें आई हैं। रात को अपनी दादी को लेकर आई अमीषा यादव (20) का पैर टूट गया है। बताया जा रहा है कि पिछले हफ्ते भी प्लास्टर गिरा था, हालांकि तब किसी को नुकसान नहीं हुआ था।

महिला वार्ड में छत का प्लास्टर टूट कर गिर पड़ा। वार्ड में 10 मरीज भर्ती थीं।
महिला वार्ड में छत का प्लास्टर टूट कर गिर पड़ा। वार्ड में 10 मरीज भर्ती थीं।

जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में हो रहा संचालित
मेडिकल कॉलेज अस्पताल का संचालन जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में हो रहा है। नया मेडिकल कॉलेज करीब 12 साल से निर्माणाधीन है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो सका है। पुरानी बिल्डिंग का करीब 8 सालों से मेंटेनेंस नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि साल 2017 में भी प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था, लेकिन शासन से ही बजट पास नहीं हुआ। इसके चलते अब पूरी इमारत ही जर्जर हो गई है। मरीजों को भी बड़े हादसे का डर लगा रहता है।

जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में मेडिकल कॉलेज अस्पताल चल रहा है।
जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में मेडिकल कॉलेज अस्पताल चल रहा है।

DME को बजट के लिए लिखा है, वैकल्पिक व्यवस्था बनाएंगे
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पीएम लूका ने कहा कि बिल्डिंग की मरम्मत कराने DME को बजट के लिए लिखा था। वहां से एक कुछ आपत्ति भेजी गई थी। इसे दूर कर दिया गया है। बजट मिलने पर मरम्मत कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि PWD के इंजीनियर को बुलाया गया है। उसके बाद स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button