राजनांदगांव जिला

बारिश का कहर:आधी रात दो गांव में घुसा पानी; नवागांव के 15 और कुरुभाट के 4 घर पूरी तरह डूबे, 16 मकान क्षतिग्रस्त

  • खैरागढ़ ब्लाॅक के नवागांव में बांध के ओवरफ्लो होने से मची तबाही

खैरागढ़ ब्लाॅक के नवागांव में बांध के ओवरफ्लो होने से तबाही मच गई। बांध के उलट का पानी आधी रात नवगांव और इससे लगे चिचका, कुर्रुभाठ गांव में घुस गया। जहां 16 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिनके घर साबुत हैं, वहां भी 4 से 5 फीट तक पानी घुसा रहा। आधी रात से ही ग्रामीणों को घर छोड़कर बाहर आना पड़ा ।

रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे पानी गांव में घुसने लगा। इसके बाद बाढ़ के पानी से पूरा गांव ही डूबा। गांव में लगभग 4 से 5 फीट तक पानी भरा रहा । स्कूल, पंचायत भवन सभी जलमग्न हो गए। नवागांव में कुल 15 घर और कुरुभाट में 4 घर पूरी तरह डूब चुके हैं। 5 एकड़ से अधिक खेत भी डूब चुका है। और फसल पूरी तरह से ख़राब हो चुकी है। इधर पूरी रात तेज बारिश भी जारी रही। रास्ता भी जलभराव के चलते बंद हो गया। इसके चलते सोमवार शाम तक प्रशासनिक मदद भी ग्रामीणों को नहीं मिल पाई थी।

  • नवागांव, कुरुभांट व चिचका में हालात चिंताजनक, रात में ही ग्रामीणों को घर छोड़कर बाहर आना पड़ा, देर शाम घटा जलस्तर
  • रास्ता कट जाने के चलते प्रशासनिक टीम भी नहीं पहुंच पाई प्रभावितों को नहीं मिली मदद, खेतों में खड़ी फसल भी डूब गई

सहमे हुए हैं लोग
पहाड़ों में हुई बारिश का असर नगर में भी रहा। नदियों के किनारे रहने वाले लोग खौफजदा रहें। शिव मंदिर रोड के पुल में पानी चलने की वजह से यातायात प्रभावित रहा। टिकरापारा से आसपास के गांव को जोड़ने वाला पुल भी डूब गया है।

दीवारें ढही, आशियाना टूटा, कवेलू बहते दिखे
कुरुभाट के कृषक अमित सिंह ने बताया कि ऐसा पहली बार है जब बाढ़ की वजह से इस तरह के हालातों का सामना करना पड़ रहा है। नवागांव सहित अन्य गांवों में भी इसका भयावह असर पड़ा है। घरों के खप्पर उखड़ चुके हैं। दीवारें ढह गई हैं। लोगों को आशियाना टूटकर बिखर गया है। गिरते मकानों के कवेलू सड़क पर बहते दिखे।

बाढ़ के कारण लोगों को भोजन तक नसीब नहीं
खैरागढ़ से नवागांव पहुंच मार्ग में भी पानी भरे होने से प्रशासनिक मदद नहीं पहुंच पा रही है। सोमवार शाम तक प्रशासनिक टीम गांव नहीं पहुंच पाई थी। वहीं इस गांव में लोगों के सामने भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय प्रशासन ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। सोमवार शाम धीरे-धीरे पानी कम होने लगा था।

कैचमेंट में तेज बारिश से बांध का जलस्तर बढ़ा
पहाड़ी इलाकों में लगातार तेज बारिश जारी है। नवागांव बांध के कैचमेंट एरिया में भी जमकर बारिश हुई। इसी का असर है कि पहली बार बांध में जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि उलट का पानी से गांव डूबने लगे। इधर पानी ने किसानों की फसल को भी बड़ा नुकसान पहुंचाया है, करीब 5 एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई है।

24 घंटे में 18 मिमी बारिश सिस्टम अब भी मजबूत
जिले में बीते 24 घंटे में 18 मिमी. बारिश दर्ज हुई है। इसमें सबसे अधिक बारिश खैरागढ़ व डोंगरगढ़ ब्लाक में हुई है। इधर मौसम विभाग ने अब भी बारिश को लेकर मजबूत सिस्टम बने होने का दावा किया है। इससे आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की पूरी संभावना है। इधर खैरागढ़ ब्लाॅक में ही मौजूद प्रधानपाठ बैराज का भी गेट खोला गया है।

Related Articles

Back to top button