क्लासेज शुरू होनी थीं लेकिन स्टूडेंट्स नहीं पहुंचे:कॉलेजों में शुरू हुई ऑनलाइन क्लास पहले दिन 10% स्टूडेंट्स भी नहीं जुड़े

कोरोना संक्रमण के कारण कॉलेजों में एडमिशन देरी से शुरू हुआ। सोमवार से कॉलेजों में क्लासेज शुरू होनी थीं लेकिन स्टूडेंट्स नहीं पहुंचे। कॉलेजों में ऑनलाइन क्लास शुरू की गई तो उसमें भी 10 फीसदी से कम उपस्थिति रही। अब प्रोफेसरों की चिंता है कि छात्र गंभीर नहीं हुए तो सिलेबस कैसे पूरा होगा। देर से कॉलेज शुरू होने के कारण इस बार लगभग पांच महीने में सिलेबस पूरा करना है।
अब कॉलेजों में ऑनलाइन क्लास लगाने की सहमति बनी है। दलील दी गई है कि संख्या इतनी ज्यादा है कि 50 फीसदी स्टूडेंट्स को बुलाया जाए तो भी भीड़ हो जाएगी। बैठने में परेशानी होगी। अंडर ग्रेजुएशन क्लासेज की परीक्षाएं मार्च में होंगी। पोस्ट ग्रेजुएशन की सेमेस्टर परीक्षाएं दिसंबर में होंगी। ग्रेजुएशन के लिए 5 महीने का समय दिया गया है। इस अवधि में सिलेबस पूरा करना होगा। सोमवार को पीडी कॉमर्स कॉलेज में बैठक रखी गई थी। कॉलेज में सहमति बनी है कि अभी ऑनलाइन पढ़ाई होगी। कॉलेज के प्रो. बसंत पटेल ने बताया कि अक्टूबर से पढ़ाई ऑफलाइन शुरू की जाएगी। गर्ल्स कॉलेज में सोमवार को पहली ऑनलाइन क्लास में शुरू हुई जिसमें लगभग 10 फीसदी स्टूडेंट्स जुड़े। आर्ट्स संकाय के प्रो बीके भगत ने बताया कि स्टूडेंट्स कॉलेज नहीं आ रहे हैं, ऑनलाइन पढ़ाई में भी रूझान कम है। डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ अंजनी तिवारी ने बताया कि एग्जाम चल रहा है, उनकी उत्तर पुस्तिकाएं भी जमा होनी है। इसके बाद दो-तीन दिन के भीतर पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।



