कांकेर जिला (उत्तर बस्तर)

अनदेखी:धीमी गति से चल रहा मिनी स्टेडियम का काम, नवंबर तक पूरा हो पाना मुश्किल

  • कोरोना और डिजाइन में बदलाव के कारण काम हुआ प्रभावित, खिलाड़ियों को हो रही है परेशानी

शहर में खेल मैदानों की बहुत ज्यादा कमी है। जो मैदान हैं उनकी भी स्थिति अच्छी नहीं है। शहर के मिनी स्टेडियम के नाम से पहचाने जाने वाले मैदान को सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान के रूप में विकसित करने काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। कोरोना संक्रमण की वजह से काम जरूर प्रभावित हुआ लेकिन अब कोरोना संक्रमण कमजोर हो जाने के बावजूद काम में गति नहीं आ पा रही है।

शहर में नया बस स्टैंड के सामने मिनी स्टेडियम को 4 करोड़ 42 लाख खर्च कर नया स्वरूप दिया जा रहा है। मिनी स्टेडियम का विस्तार किया जा रहा है। खेल मैदान परिसर 4 एकड़ क्षेत्र में बन रहा है। इसे सर्वसुविधायुक्त मैदान बनाया जा रहा है जहां फुटबाल, कबड्डी, बालीबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स खेल हो पाएंगे। निर्माण काफी धीमी गति से चल रहा है।

मैदान के लिए स्वीकृति जुलाई 2018 में मिली थी तथा दिसंबर 2020 तक निर्माण काम पूरा हो जाना था जो अभी तक अधूरा पड़ा है। अब नवंबर 2021 तक निर्माण काम पूरा करने समयावधि तय की गई है। जिस गति से काम चल रहा है उसके अनुसार नवंबर 2021 तक भी काम पूरा होने की संभावना नहीं है।

अभी तक मात्र 75 प्रतिशत ही काम हो पाया है। दो महीने में शेष 25 प्रतिशत काम पूरा नहीं हो पाएगा। अभी मैदान परिसर में मल्टी परपज हाल में डोम के साथ फिनिशिंग काम होना शेष है। बिजली फिटिंग काम शेष है। फुटबाल मैदान समतलीकरण काम के अलावा घास लगाया जाना शेष है। कटे हुए पेड़ों के ठूंठ के अलावा मलबा मैदान में ही पड़े हैं।

कोरोना तथा अन्य कारणों से काम प्रभावित: कोरोना के कारण खेल मैदान परिसर निर्माण काम प्रभािवत हुआ। मैदान में छोटे बड़े 61 पेड़ तथा झाड़ियां थी। इसे गत वर्ष कटवाने में ही तीन माह का समय लग गया। कई बार खेल परिसर मैदान की डिजाईन में बदलाव किया गया। विभाग तथा ठेकेदार का कहना है उपरोक्त व्यवधान नहीं आते तो इसी वर्ष अप्रैल माह तक निर्माण काम पूरा हो जाता।

तेजी से पूरा कराने की मांग
फुटबाल में नेशनल खेल चुके मनीष सिन्हा ने कहा फुटबाल के लिए अलग से मैदान का निर्माण होने से खिलाड़ियों में खुशी है लेकिन निर्माण काम काफी धीमी गति से चल रहा है। फुटबाल मैदान तथा अन्य काम तेजी से पूरा करना चाहिए क्योंकि कांकेर में खेल मैदान की कमी है। हाकी के राष्ट्रीय खिलाड़ी महेंद्र नाग ने कहा मैदान निर्माण काम काफी धीमी गति से चल रहा है। निर्माण काम जल्द पुरा कराना चाहिए।

काम में तेजी लाई जाएगी
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एसएल मरकाम ने कहा निर्माण काम जिला निर्माण शाखा अंतर्गत चल रहा है। लोक निर्माण का काम सिर्फ सुपरविजन करने का है। निर्माण काम में तेजी लाने ठेकेदार को कहा जाएगा। वर्तमान में बारिश तथा इसके पहले कोरोना के कारण काम प्रभावित हुआ।

Related Articles

Back to top button