राशि गबन का मामला:₹1.50 करोड़ का गबनआरोपियों को बचाने किया नया ठेका: छमुमो

- छमुमो के पदाधिकारियों ने कहा- ठेकेदार कर्मचारियों को दे रहे हैं धमकी
नगर निगम के डोर-टू-डोर कचरा संक्रमण केंद्रों में 436 स्वच्छता दीदी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों को 6 हजार रुपए मासिक के अलावा कबाड़ी से होने वाली आवक की अतिरिक्त राशि देनी है पर यह नहीं मिल रही है। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के बैनर तले स्वच्छता दीदी और छमुमो के जिला अध्यक्ष भीमराव बागड़े ने प्रेस कान्फ्रेंस में नगर निगम के अफसरों पर आरोप लगाया कि कबाड़ से मिली राशि गबन की गई है।
लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपए गबन किए आने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि नगर निगम की ओर से चार वर्षों के भीतर 1 करोड़ 60 लाख रुपए का कबाड़ बेचा गया। इसके बाद निगम के अफसरों ने स्वच्छता श्रमिकों को मात्र 2-2 हजार रुपए यानी कुल 8 लाख रुपए का भुगतान किया गया। वहीं 1 करोड़ 50 लाख का कोई हिसाब नहीं दिया। भीमराव बागड़े ने आरोप लगाया कि स्वच्छता श्रमिकों ने जब इस मामले में आवाज उठाई और धरना-प्रदर्शन किया तब निगम के अफसरों ने आरोपियों को बचाने के लिए नया ठेका कर दिया। बताया गया कि लक्ष्मी महिला बहु आयामी क्षेत्र स्तरीय संघ राजनांदगांव को ठेका देना बताया जा रहा है पर दुर्ग निवासी एक व्यक्ति सेंटरों में जाकर महिला श्रमिकों को धमका रहे हैं कि अब नई ज्वाइनिंग होगी और किसी प्रकार के यूनियन में नहीं जाना है। यह कहकर शपथ पत्र भरवाया जा रहा है।



