लूट की वारदात:बदमाशों ने बस रोककर लूट लिए 12 हजार रुपए

जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात को एक बड़ी वारदात का मामला सामने आया है। यात्री बस में लूट की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया है। गुरुवार की रात को जशपुर से दुर्ग चलने वाली नवीन बस में आरोपियों के द्वारा लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है।
लूट की घटना के दौरान बदमाशों ने बस के कंडक्टर को गंभीर रूप से घायल किया और जमकर मारपीट भी की लेकिन सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। लूट के मामले में पुलिस के द्वारा एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। वहीं अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना गुरुवार की रात करीबन 10 बजे जशपुर से दुर्ग चलने वाली रात्रि बस को कांसाबेल थाना क्षेत्र के लमडांड़ के जंगल समीप आरोपियों के द्वारा रोककर बस कंडक्टर और ड्राइवर को डरा धमका कर 12 हजार रुपए की लूटपाट की गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद कांसाबेल पुलिस ने तत्काल हरकत में आते हुए एक आरोपी को अपने हिरासत में ले लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जिले में इस प्रकार की घटना काफी दिनों के बाद सामने आई है। डकैतों ने किसी यात्री बस को प्रभावित कर घटना को अंजाम दिया है। कुनकुरी एसडीओपी मनीष कुंवर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 395, 147, 148, 149, 341, 294 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



